Skip to Videos
  • Untitled-1.jpg

    गृह मंत्री अमित शाह ने पुदुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया

    आरएस अनेजा, 9 अगस्त नई दिल्ली - केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज पुदुचेरी  पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया। इस अवसर पर पुदुचेरी  के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

    अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पुदुचेरी दक्षिण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। आज पुदुचेरी पुलिस देश के उन पुलिस बलों में शामिल हो गया है जिन्हें राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया गया है। पुदुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स मिलना इस बल की बहादुरी, कड़ी मेहनत औऱ समर्पण का प्रमाण है।

    अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति कलर्स मिलना किसी भी पुलिस बल के लिए सबसे गौरवपूर्ण क्षण होता है। पुदुचेरी पुलिस पुदुचेरी की रक्षा, आतंरिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करने का काम कर रही है। पुदुचेरी पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान उसकी कड़ी मेहनत, शौर्य, सेवा और समर्पण के कारण मिला है।

    केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि लंबे फ्रांसीसी शासन के अधीन रहने के बावजूद पुदुचेरी ने अपनी भारतीयता और आध्यात्मिक ऊर्जा को संभालकर रखा है। 01 अक्टूबर, 1963 को पुदुचेरी में पुलिस महानिदेशक के पद का सृजन हुआ और तब से लेकर आज तक पुदुचेरी पुलिस ने सीमांत क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया है।

    अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने अंग्रेज़ों द्वारा बनाई गई दंड सहिंताओं को बदलकर तीन नई न्याय संहिताओं को लागू किया है। उन्होंने कहा कि ये न्याय संहिताएं दंड आधारित नहीं हैं बल्कि इनका उद्देश्य तकनीक सक्षम औऱ समयबद्ध तरीके से नागरिकों को न्याय दिलाना है। नवीन न्याय संहिताएं Technology, Timeline, और Trust के तीन स्तंभों पर खड़ी की गई हैं।

    अमित शाह ने कहा कि 1950 से लेकर 2014 तक भारत सरकार की ओर से पुदुचेरी को सिर्फ 3500 करोड़ रूपए विकास के कामों के लिए दिए गए थे। मोदी सरकार ने 2014 से 2026 तक 13,762 करोड़ रूपए पुदुचेरी के विकास के लिए दिए हैं, जो लगभग 4 गुना अधिक है। भारत सरकार ने पुदुचेरी में पिछले 9 वर्षों में 39,000 करोड़ रूपए का औद्योगिक निवेश कराने का काम भी किया है। लखपति दीदी, जलजीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, शौचालय निर्माण, मुफ्त अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और डीबीटी से पुदुचेरी के नागरिक लाभान्वित हुए हैं। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार पुदुचेरी  के विकास के लिए कटिबद्ध और 24 घंटे तत्पर है।

  • HNXH7K1bYAASjSu.jpg

    केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने दमन के नमो एयरपोर्ट से पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई

    आरएस अनेजा, 17 जुलाई नई दिल्ली - केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु तथा दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के लिए एक ऐतिहासिक पहल के साथ 16 जुलाई, 2026 को दमन में नए कार्यान्वित नमो हवाई अड्डे से दमन-दिल्ली-दमन मार्ग पर उद्घाटन उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकारी स्वामित्व वाले क्षेत्रीय वाहक एलायंस एयर की इस उड़ान के शुभारंभ के साथ दमन का पहला सीधा हवाई संपर्क बन गया है।

    प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के दमन एयरपोर्ट के स्‍वप्‍न को साकार करने के साथ-साथ यह इंडियन कोस्ट गार्ड एयर स्टेशन (आईसीजीएएस), दमन से संचालित की जाने वाली द्विपक्षीय सुविधा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस नागरिक टर्मिनल की आधारशिला 25 अप्रैल 2023 को रखी थी और हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 5 जून 2026 को किया था।

    केन्‍द्र शासित प्रदेश प्रशासन ने 25 एकड़ की भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया है, जिसमें नागर विमानन मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 88 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। यह टर्मिनल 3,700 वर्ग मीटर में फैला है और अभी यह हर दिन एटीआर 14 उड़ानों को संचालित करने में सक्षम है, जिसकी वार्षिक क्षमता 3 लाख 67 हजार यात्रियों की है।

    उड़ान संचालन कार्यक्रम में केन्‍द्र शासित प्रदेश प्रशासन, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), एलायंस एयर और भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ-साथ दमन के स्‍थानीय लोग भी शामिल हुए।

    राम मोहन नायडू ने अपने संबोधन में कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर दमन के लोगों को दिल से बधाई। अपनी पहली उड़ान के साथ ही, दमन सीधे देश की राजधानी से जुड़ रहा है। अब सूरत या मुंबई से होकर 8 से 10 घंटे बिताने के बजाय, दिल्ली दमन से सिर्फ़ 2.5 घंटे दूर होगी और यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की बदलाव लाने वाली उड़ान योजना से ही संभव हुआ है।

    राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव को 13,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की 450 से अधिक परियोजनाओं का लाभ हुआ है, यही कारण है कि दमन के लोगों ने दमन की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के प्रधानमंत्री के स्‍वप्‍न के सम्मान में अपने नए एयरपोर्ट का नाम 'नमो एयरपोर्ट' रखा है।

    इस क्षेत्र में दमन और दीव एवं दादरा और नगर हवेली में 7,000 से ज़्यादा उद्यम हैं और निकट के वापी और वलसाड में 15,000 से ज़्यादा उद्यम संचालित हैं। बेहतर हवाई संपर्क से कारोबार बढ़ेगा, निवेश आएगा और क्षेत्र के युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसरों का सृजन होगा।

    राम मोहन नायडू किंजरापु ने क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का उल्‍लेख करते हुए कहा कि हर वर्ष लगभग 20 लाख पर्यटक दमन आते हैं और जैसे-जैसे पर्यटकों को दमन के हवाई संपर्क से जुड़ने की जानकारी मिलेगी, यहां आने वालों की संख्या तेज़ी से बढ़ेगी। उन्‍होंने कहा कि हमारी योजना रनवे को बढ़ाते हुए मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, पटना जैसे शहरों से संपर्क स्‍थापित करना है और दमन में एयरबस ए320 जैसे विमान सहित बड़े विमानों को उतारना है।

    दीव एयरपोर्ट का उदाहरण देते हुए उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2013 में वार्षिक यात्रियों की संख्‍या सिर्फ़ 19,000 थी, जो बढ़कर अब एक लाख से ज़्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए दीव एयरपोर्ट पर एक नया टर्मिनल और एक और बड़ा रनवे बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

    राम मोहन नायडू ने दमन एयरपोर्ट के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने दमन की ब्लू इकॉनमी को नीले आसमान की अपार संभावनाओं से जोड़ा है। दमन से मत्‍स्‍य, समुद्री उत्‍पाद और खाद्य प्रसंस्‍करण जैसे उत्‍पाद अब कुछ ही घंटों में देश के किसी भी कोने में पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे मछली पकड़ने वाले समुदाय को लाभ मिलेगा, समुद्री किसानों के लिए नए बाजार खुलेंगे और यहां फार्मा उद्यम को भी नई गति मिलेगी।

    नायडू ने बदलाव लाने वाली उड़ान योजना को और 10 वर्ष बढ़ाने पर भी बल दिया। अत्‍याधुनिक उड़ान योजना के अंतर्गत अगले 10 वर्षों में देश भर में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने के लिए 29,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है, जिससे भारत का क्षेत्रीय विमानन संपर्क और मज़बूत होगा।

    राम मोहन नायडू ने अपने संबोधन का समापन करते हुए नमो एयरपोर्ट परियोजना को पूरा करने में भारतीय तटरक्षक बल के अहम योगदान के लिए उन्हें विशेष धन्यवाद दिया और इस ऐतिहासिक अवसर पर दमन के लोगों को हृदय से बधाई दी।

    इस अवसर पर दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के प्रशासक श्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि नमो एयरपोर्ट गुजरात के वलसाड से लेकर महाराष्ट्र के पालघर तक फैले पूरे औद्योगिक कार्यबल के लिए एक गेम-चेंजर सिद्ध होगा, जिससे इस क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्‍होंने भरोसा जताया कि अगले 15 वर्षों में हम दमन के नमो एयरपोर्ट को कई गुना बड़ा होते देखेंगे, जो इस क्षेत्र की अर्थव्‍यवस्‍था के लिए एक गेम-चेंजर के तौर पर उभरेगा।

    दमन के नमो एयरपोर्ट से उड़ान संचालन की शुरूआत हवाई यात्रा को आम बनाने और छोटे शहरों को बढ़ते विमानन नेटवर्क में जोड़ने के सरकार के विज़न में एक और बड़ी उपलब्धि है।

  • image002H3N5.jpg

    'स्मार्ट बॉर्डर' से अभेद्य होगी भारत की सुरक्षा: सीमांत एसपी सम्मेलन में गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा विज़न

    आरएस अनेजा, 10 जुलाई नई दिल्ली - केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में सीमांत जिला पुलिस अधीक्षक सम्मेलन-2026 को संबोधित किया।

    इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि इस सम्मेलन से समग्र सीमा सुरक्षा के दृष्टिकोण को संस्थागत रूप मिला है और आने वाले समय में तटीय सीमा सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में भी हम समग्रता से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में सीमाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा, निराकरण की चिंता और इस दिशा में उपयुक्त उपायों को नीतिगत स्वरूप देने का काम होगा।

    अमित शाह ने कहा कि स्मार्ट बॉर्डर की कल्पना पर आधारित भारत की बॉर्डर सुरक्षा व्यवस्था आने वाले समय में विश्व में सबसे आधुनिक होगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार, संबद्ध सीमा रक्षक बल, राज्य एवं ज़िला प्रशासन, भारत सरकार के संबंधित हितधारक तथा स्थानीय नागरिकों के परस्पर जुड़ाव के साथ एक मज़बूत चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड का निर्माण कर रही है। श्री शाह ने कहा कि सुरक्षित सीमा, समृद्ध सीमांत और सजग समाज के साथ ही देश सुरक्षित हो सकता है।

    अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने बॉर्डर इन्फ्रास्ट्रक्चर में 400 प्रतिशत वृद्धि कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ इसे आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने वायब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के तहत देश के अंतिम गांव को देश का प्रथम गांव कहा है, इसके तहत पलायन रोकने, रोजगार बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने जनसांख्यिकी परिवर्तन का अध्य्यन करने, उसमें असामान्य कारणों से हो रही वृद्धि को चिन्हित करने और भविष्य में इसे रोकने के उपाय सुझाने के लिए डेमोग्राफी मिशन की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि रूथलैस अप्रोच के साथ जनसांख्यिकी में असामान्य कारणों से हो रही वृद्धि को रोकना मोदी सरकार का संकल्प है। गृह मंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में हो रहे जनसंख्यिकी परिवर्तन का मूल कारण घुसपैठ है।

    केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सीमा सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए मोदी सरकार ने चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड का निर्माण किया है जिससे हमने अपनी अप्रोच को रिएक्टिव से प्रोएक्टिव में बदला है। मोदी सरकार आइसोलेटेड सीमा चौकी की व्यवस्था से एकीकृत सुरक्षा ग्रिड का निर्माण करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। गृह मंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में असामान्य कारणों से जनसांख्यिकी में हो रहे बदलाव की सूचना जल्द से जल्द नीचे से उच्चतम स्तर तक पहुंचाने के महत्व पर बल दिया।

    अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार 31 हज़ार करोड़ से 1610 किलोमीटर लंबे म्यांमार बॉर्डर पर बाड़बंदी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रॉक्सी वार, घुसपैठ, कट्टरपंथ का प्रसार, नारकोटिक्स, तस्करी, ड्रोन, साइबर अपराध, संगठित अपराध और जनसांख्यिकीय परिवर्तन रोकना, सीमा को रहने लायक बनाना और वहां से पलायन रोकना और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारे उद्देश्य हैं।

  • Screenshot_20251207_085958_Dainik Bhaskar.jpg

    गोवा नाईट क्लब में आग से 25 लोगो की मौत, पीएम ने दुःख जताया

    आरएस अनेजा, 7 दिसम्बर नई दिल्ली - उत्तरी गोवा के अरपोरा में नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई है। यह दुखद घटना रविवार (7 दिसंबर, 2025) आधी रात के बाद हुई।

    अधिकांश पीड़ितों की मौत धुएं से दम घुटने के कारण हुई, जबकि कुछ जल गए। मरने वालों में ज़्यादातर क्लब के कर्मचारी (14 स्टाफ सदस्य), चार पर्यटक शामिल थे, और सात शवों की पहचान अभी बाकी है।

    शुरुआती जांच में आग लगने का कारण किचन में हुआ सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी भी सटीक कारण की जांच कर रही है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि क्लब बिना उचित अनुमति और आग से सुरक्षा मानदंडों का पालन किए चल रहा था। घटना में छह लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपए की व घायलों के लिए 50,000 हजार की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। गोवा सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

    #goa #fire

  • G3Wb4d7bgAE-Une.jpg

    पुडुचेरी के उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की

    आरएस अनेजा, 16 अक्टूबर नई दिल्ली - पुडुचेरी के उप राज्यपाल के कैलाशनाथन ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आपस में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर पोस्ट किया कि “पुडुचेरी के उपराज्यपाल श्री के. कैलाशनाथन ने कल प्रधानमंत्री @narendramodi से मुलाकात की।”

    #pmo #narenderamodi #LGov_Puducherry

  • download (3).jpeg

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नाइक के निधन पर शोक व्यक्त किया

    आरएस अनेजा, 15 अक्टूबर नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

    पीएम मोदी ने कहा कि नाइक को एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने गोवा की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि नाइक विशेष रूप से कमज़ोर और वंचित वर्ग के लोगों को सशक्त बनाने के प्रति समर्पित थे।

    उन्होंने कहा कि "गोवा सरकार में मंत्री रवि नाइक जी के निधन से दुःख हुआ। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया। वे विशेष रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के लोगों को सशक्त बनाने के लिए तत्पर थे। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ॐ शांति।"

    गौरतलब है कि गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का सोमवार (13 अक्तूबर 2025) रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी उम्र 79 वर्ष थी। वह 1991 और 1994 में दो बार गोवा के मुख्यमंत्री रहे।

    #pmo #narenderamodi #goa