सिंगर गुरु रंधावा की जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग: लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी, ऑडियो जारी कर दी जान से मारने की धमकी
अभिकान्त, 11 जून, नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश इलाके पश्चिम विहार में गुरुवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक नामी फिटनेस सेंटर (जिम) के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह जिम मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का है, जो इसके को-फाउंडर और ब्रांड एंबेसडर भी हैं. वारदात के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. इसके साथ ही गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने एक कथित ऑडियो क्लिप जारी कर गुरु रंधावा को जान से मारने की सीधी धमकी दी है, जिससे दिल्ली से लेकर पंजाब तक के मनोरंजन और खेल जगत में हड़कंप मच गया है.
सुबह सवा 5 बजे केयरटेकर ने देखा तो हुआ खुलासा
इस दुस्साहसिक वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह करीब 5:15 बजे जिम के केयरटेकर वहां पहुंचे. जिम के मुख्य दरवाजे के शीशे चकनाचूर और दीवारों पर गोलियों के निशान देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया. दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों सहित स्थानीय थाना पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से कम से कम 7 खाली कारतूस और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. राहत की बात यह रही कि तड़के हुई इस वारदात के समय जिम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
लॉरेंस गैंग की धमकी: 'सलमान खान से दूर रहने को समझाया था'
हमले के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित (USA) और लॉरेंस ग्रुप की तरफ से एक पोस्ट वायरल की गई है. पोस्ट में लिखा गया है:
"राम-राम सभी भाइयों को. आज जो दिल्ली में गुरु रंधावा की '24Hs Fitness' जिम पर फायरिंग हुई है, वह मैंने (अनिल पंडित USA) और लॉरेंस ग्रुप ने की है. यह सिंगर सलमान खान से कुछ ज्यादा ही करीबी हो रहा था. इसे हमने पहले भी समझाया था कि उससे दूर रहो, वह हमारा दुश्मन है, लेकिन इसको समझ नहीं आई. जितने भी हमारे दुश्मन हैं, वे किसी भी कोने में छुप जाएं, जल्दी ही सबसे मुलाकात होगी. वेट एंड वॉच."
पोस्ट के अंत में जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, हैरी बॉक्सर, आरजू बिश्नोई और अंकित सेरसा जैसे कुख्यात शार्पशूटरों के नाम लिखे हैं.
जिम के को-फाउंडर और ब्रांड एंबेसडर हैं गुरु रंधावा
जांच में सामने आया है कि जिस '24Hs Fitness' सेंटर पर हमला हुआ है, उसके मुख्य मालिक राजौरी गार्डन के रहने वाले दो बड़े कारोबारी हैं. पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा ने जुलाई 2025 में दिल्ली के होटल ले मेरिडियन में इस प्रीमियम जिम ब्रांड का भव्य उद्घाटन किया था, जिसमें वे बतौर को-फाउंडर और ब्रांड एंबेसडर जुड़े हुए हैं. इसके अलावा गुरु रंधावा भारत में एक और ग्लोबल जिम चेन 'एनीटाइम फिटनेस' के भी प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं. भारत में इस ग्लोबल मास्टर फ्रेंचाइजी को मैनेजिंग डायरेक्टर विकास जैन और डायरेक्टर विशाल क्वात्रा संभालते हैं, जिसके दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में 150 से अधिक आउटलेट्स हैं.
रंगदारी और गैंगवार के एंगल से दिल्ली पुलिस की छापेमारी
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बाद अब पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को मिली इस सीधी धमकी को दिल्ली पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रंगदारी (जबरन वसूली), गैंगस्टरों की आपसी रंजिश और कारोबारियों की निजी दुश्मनी समेत तमाम पहलुओं को जोड़कर जांच की जा रही है. बदमाशों की धरपकड़ के लिए स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच सहित कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो जिम के आसपास और हमलावरों के भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं.
#DelhiNews #GuruRandhawa #LawrenceBishnoiGang #WestViharFiring #DelhiPolice #SalmanKhan #CrimeUpdate2026 #DelhiGymFiring #दानिकखबर
Previous
हिसार रेंज में अपराधियों और साइबर ठगों पर कसेगा शिकंजा: आईजीपी कुलदीप सिंह ने ली मैराथन अपराध गोष्ठी, दिए कड़े निर्देश
Next