26/03/26

प्रदेश में तीन से चार दिन में उपभोक्ताओं को हो रही घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई- खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजस्थान

एन.एस.बाछल, 26 मार्च, जयपुर।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने एलपीजी आपूर्ति पर खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों‌ तथा ऑयल गैस मार्केटिंग कम्पनियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वीसी के माध्यम से ली। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के निर्देशानुसार खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग आमजन को अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों जनित वर्तमान परिस्थिति में अधिकतम राहत देने हेतु संकल्पित होकर कार्य कर रहा है। प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में कोई समस्या नहीं है‌। प्रदेश में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को इस संबंध में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आमजन से भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों जनित वर्तमान स्थिति का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन से चार दिन के अंदर गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग एक समय पर होने के कारण गैस कंपनियों के सर्वर बीच में कुछ समय के लिए रुके थे परन्तु सुचारू आपूर्ति के संबंध में आश्वस्त होने के उपरांत बुकिंग सामान्य होने से अब ऐसी कोई समस्या नहीं है। 

  

बिना ओटीपी और डायरी एंट्री के गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूर्णतया बंद—

 

खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं में को निरंतर रसोई गैस आपूर्ति हो रही है। बिना ओटीपी और डायरी में एंट्री किए गैस सिलेंडर के डाइवर्जन की घटनाएं कुछ एजेंसियों में सामने आई है। इस प्रकार के घटनाक्रमों से असल उपभोक्ताओं को आपूर्ति प्रभावित होती है। उन्होंने गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी शत—प्रतिशत बंद हो ताकि फर्जी बुकिंग से होने वाले डाइवर्जन की पूर्णतया रोकथाम हो सके तथा उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत मिले। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर पर डिलीवर करने वाले हॉकर भी अपने आईडी कार्ड को डिलीवरी के दौरान नियमित रूप से पहने रखें। 

पीएनजी कनेक्शनों का प्राथमिकता से किया जाए विस्तार—

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न जिलों में पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन हेतु पाइपलाइन विद्यमान है वहां प्राथमिकता से आमजन को पीएनजी कनेक्शन दिए जाए। पीएनजी कनेक्शन के लाभ से आमजन एवं संस्थाओं को अवगत कराते हुए उन्हें अधिक से अधिक पीएनजी कनेक्शन लेने हेतु प्रोत्साहित किया जाए। 

   

सभी गैस एजेंसियों का निरीक्षण अगले 24 घंटे में हो पूरा —

सुमित गोदारा ने कहा कि प्रदेश सरकार की राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय निगरानी समितियों द्वारा लगातार कालाबाजारी, डाइवर्जन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसर भी लगातार गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर किसी भी प्रकार के  डाइवर्जन की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करें। मीटिंग में बताया गया कि लगभग अधिकतर गैस एजेंसियों का निरीक्षण पूरा किया जा चुका है। सुमित गोदारा ने शेष रही गैस एजेंसियों का निरीक्षण आगामी 24 घंटे में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसर्स को लगातार फील्ड विजिट कर गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण करने तथा जिओटैगिंग के साथ में निरीक्षण का विवरण विभाग को प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गैस एजेंसी में निरीक्षण के दौरान दो से तीन दिन तक रुक कर गैस सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया का गहनता से निरीक्षण करें और वहां आने वाले उपभोक्ताओं से बातचीत कर प्रक्रिया में शुचिता एवं पारदर्शिता के स्तर का पता करें। साथ ही निरीक्षणकर्ता उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी की प्रक्रिया, डायरी एंट्री, ओटीपी तथा गैस सिलेंडर में गैस की मात्रा के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को संपर्क पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निवारण 24 घंटे की समयसीमा के अंदर करने के सख्त निर्देश दिए। 

  

राज्य और जिला निगरानी समितियों की प्रभावी कार्यवाही से  गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की प्रभावी रोकथाम —

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी एवं अन्य कार्य हेतु उपयोग पर प्रभावी रोकथाम के लिए गठित राज्य एवं जिला स्तरीय निगरानी समितियां उत्कृष्ट कार्य कर रही है। नियमित कार्रवाई से कालाबाजारी और डाइवर्जन की प्रभावी रोकथाम हुई है। उन्होंने जिला एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समितियां निरंतर प्रभावी मॉनिटरिंग एवं फील्ड विजिट के माध्यम से रसोई गैस सिलेंडरों की ब्लैकमार्केटिंग तथा अवैध उपयोग पर स्थाई रोकथाम सुनिश्चित करें ताकि आमजन को अधिकतम राहत मिल सके। आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर की शत प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें। 

  

शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, अन्नपूर्णा रसोइयों को मिल रही रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति —

  सुमित गोदारा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों तथा अन्नपूर्णा रसोइयों को रसोई गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। इन संस्थाओं को निरंतर आपूर्ति की जा रही है ताकि विद्यार्थियों, मरीजों एवं वंचित तबकों को किसी प्रकार की समस्या ना हो। सुमित गोदारा ने कहा कि जिन शिक्षण संस्थानों में प्रधानाचार्यों ने अपने नंबर पर घरेलू कनेक्शन के साथ-साथ संस्थान का कनेक्शन भी ले रखा है, उन्हें दोनों नंबरों से एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति के लिए अधिकृत किया गया है ताकि शिक्षण संस्थानों में कोई दिक्कत ना हो। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक गैस की भी 20 प्रतिशत तक आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना वैध कनेक्शन के किसी प्रकार के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी ना की जाए। 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने कहा कि माननीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री द्वारा प्रदत्त निर्देशों की शत—प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करवाई जा रही है।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

पलवल: जिला सलाहकार समिति की मासिक बैठक संपन्न; पीसी-पीएनडीटी पंजीकरण और यूएसजी समय में बदलाव के प्रस्तावों पर हुई विस्तृत चर्चा

Next

पलवल: राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस शिविर का आयोजन, 'महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता' का दिया संदेश