‘मन की बात’ देश को जोड़ने और प्रेरित करने का सशक्त माध्यम - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

देश हमारा है, इसे आगे बढ़ाने के लिए हमें स्वयं आगे आना होगा : अनिल विज

प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम अनसुने नायकों को देता है राष्ट्रीय पहचान – विज

खिलाड़ियों, युवाओं और समाजसेवियों की उपलब्धियों को देश के सामने लाता है ‘मन की बात’ कार्यक्रम- विज

अम्बाला, 31 मई। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि “देश हमारा है, इसे आगे बढ़ाने के लिए हमें स्वयं आगे आना होगा, यही ‘मन की बात’ कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक है, जिसने पूरे देश को एक सूत्र में बांधा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों और उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी प्रधानमंत्री द्वारा जनता तक पहुंचाई जाती है।

विज आज सदर बाजार, अम्बाला छावनी में राजेश शर्मा के होटल स्वागत में अंबाला छावनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने एवं देखने के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से पूरे देश को जोड़ने का कार्य किया है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों, नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले लोगों तथा अनसुने नायकों के साहस और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य यह कार्यक्रम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ शुरू होने से पहले देशवासियों को ऐसे अनेक प्रेरक कार्यों और व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती थी।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक माह ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों से सीधे संवाद करते हैं और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही उपलब्धियों तथा सकारात्मक प्रयासों की जानकारी साझा करते हैं। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों गुरविंद्र सिंह और अन्वेष से दूरभाष पर बातचीत कर उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना की तथा उन्हें प्रोत्साहित किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और सकारात्मक सोच के बल पर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चयनित होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री विज ने कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगी और वे भी सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने खेल में आगे बढ़ेंगे।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के मौसम में स्वयं को सुरक्षित रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने देशी पेय पदार्थों के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि लस्सी, आम पन्ना तथा आम से बने अन्य पारंपरिक पेय पदार्थ स्वास्थ्यवर्धक हैं और देश में आसानी से उपलब्ध हैं। इसके बावजूद लोग विदेशी पेय पदार्थों की ओर अधिक आकर्षित होते हैं, जबकि हमें अपने पारंपरिक एवं पौष्टिक पेयों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

विज ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान खगोल विज्ञान (एस्ट्रोनॉमी) के विषय पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भारत में विज्ञान और खगोल विज्ञान का ज्ञान अत्यंत प्राचीन और समृद्ध रहा है। इसके माध्यम से ब्रह्मांड में होने वाली विभिन्न गतिविधियों को समझा जा सकता है। आज की युवा पीढ़ी छोटे-छोटे विज्ञान क्लब बनाकर इस ज्ञान को आगे बढ़ा रही है और समाज में वैज्ञानिक जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और जल शुद्धिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला। एक गांव का उदाहरण देते हुए बताया गया कि वहां के युवाओं ने एक छोटी नदी, जो गंदगी और गाद से भर चुकी थी, को साफ कर उसका पुराना स्वरूप वापस दिलाया और उसे स्वच्छ बनाया। श्री विज ने कहा कि यह हम सभी के लिए प्रेरणा का विषय है और यह संदेश देता है कि “देश हमारा है, इसे आगे बढ़ाने के लिए हमें स्वयं आगे आना होगा।”

इस अवसर पर राजेश शर्मा, जसवंत जैन, कपिल विज, अनिल जैन, रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, संजीव सोनी, विपिन खन्ना, शैलेंद्र खन्ना, दीपक भसीन, संजीव वालिया, बीएस बिंद्रा, पप्पू बहल सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

-------------------------------

Previous

सिरसा में सीआईए पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाखों की हेरोइन के साथ शेखर उर्फ सुल्तान गिरफ्तार

Next

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी: पालम डकैती मामले में भगोड़े घोषित दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार