गर्मी और हीट वेव को लेकर जयपुर कलक्टर ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य केन्द्रों में व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के दिए निर्देश
एन.एस. बाछल, 26 अप्रैल, जयपुर।
जयपुर कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने गर्मी एवं हीटवेव के दौरान मौसमी बीमारियों को लेकर सभी चिकित्सा अधिकारियों को सभी चिकित्सालयों में समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिये गए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर ये निर्देश दिए।
कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारियों को राजकीय चिकित्सालयों में दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने एवं पंच गौरव के व्यापक प्रचार प्रसार के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने डीटीएफआई की बैठक में जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान की समीक्षा कर कम टीकाकरण करने वाले ब्लॉक्स में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए । जिले में 24 अप्रैल को प्रारंभ हुए विश्व टीकाकरण सप्ताह पर चर्चा हुई जिसमे लाभार्थियों को विभिन्न बीमारियों से बचाव हेतु टीके लगाए जाएंगे।
कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों पर चर्चा कर एंटी लार्वा गतिविधियों व लू तापघात से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंच गौरव अभियान के तहत उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों पर अधिकाधिक प्रचार— प्रसार के निर्देश दिए। राजश्री योजना की द्वितीय किश्त अपडेट करने के निर्देश दिए। तम्बाकू निषेध के प्रति व्यापक जागरूकता व कोटपा उल्लंघन पर नियमित रूप से चालान किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुड सेमेरिटन व मिशन मधुहारी कार्यक्रम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम, एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा हुई। साथ ही लाडो योजना, पीसीपीएनडीटी, एनीमिया कार्यक्रम, आईएचएपी पोर्टल, एएनसी, पीएनसी एवं प्रसव की रिपोर्ट और लाइनलिस्ट की समीक्षा की गई। साथ ही आभा आईडी, एमएनडीवाई और एमएनजेवाई योजना, मां वाउचर योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व कार्यक्रम, परिवार कल्याण, जेएसवाय योजना, टीकाकरण कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।