वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़े अंग्रेज, u-19 फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर जीता वर्ल्ड कप
आरएस अनेजा, 6 फरवरी नई दिल्ली - भारत ने आज 6 फरवरी 2026 को इंग्लैंड को 100 रन से हराकर ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया है। यह भारत का रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब है।
फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 411/9 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर सिमट गई। मैच के हीरो भारत के 14 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने केवल 80 गेंदों में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। यह किसी भी अंडर-19 विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
आयुष म्हात्रे ने 53 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में आर.एस. अंबरीश ने 3 विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट चटकाए।
अंडर-19 विश्व कप 2026 फाइनल का स्कोरकार्ड
भारत (India U-19) 411/9 (50 ओवर) वैभव सूर्यवंशी (175), आयुष म्हात्रे (53)
इंग्लैंड (England U-19) 311 (40.2 ओवर) कालेब फाल्कनर (115), बेन डॉकिन्स (66)
भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह खिताब जीता था। यह फाइनल जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। महिला टीम की बात करें तो, भारत ने 2 फरवरी 2025 को लगातार दूसरा अंडर-19 महिला T20 विश्व कप भी जीता था।