12/09/25

राष्ट्रपति ने सीपी राधाकृष्णन को भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ दिलाई

आरएस अनेजा, 12 सितम्बर नई दिल्ली - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज (12 सितंबर, 2025) राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सीपी राधाकृष्णन को भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अन्य गणमान्यगण मौजूद रहे।

गौरतलब है कि राजग उम्मीदवार राधाकृष्णन ने विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया था। राधाकृष्णन को 452 वोट प्राप्त हुए, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले थे। परिणामों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी थी।

सीपी राधाकृष्णन की राजनीतिक यात्रा 

तमिलनाडु के तिरुप्पुर, चंद्रपुरम में जन्मे पोन्नुसामी राधाकृष्णन ने एक छात्र नेता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। वे आरएसएस जैसे संगठनों में सक्रिय रूप से शामिल रहे। तब से, उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया है। वे कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए। सीपी राधाकृष्णन झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल भी रह चुके हैं। पेशे से कृषक और उद्योगपति, राधाकृष्णन अपनी ईमानदारी, दूरदर्शिता और बेदाग सार्वजनिक जीवन के लिए प्रशंसित हैं। सी.पी. राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के साथ ही इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने वाले तमिलनाडु के तीसरे नेता भी होंगे। 

Previous

रक्षा मंत्री ने तीनों सेनाओं की महिला जलयात्रा नौकायन अभियान 'समुद्र प्रदक्षिणा' को झंडी दिखाई

Next

आज के मुख्य समाचार और इतिहास