प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20-21 जून को ओडिशा व पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे

आरएस अनेजा, 19 जून नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 20 जून 2026 को ओडिशा का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी इस दौरे में प्रधानमंत्री के साथ रहेंगी, यह राज्य के लिए एक दुर्लभ और महत्वपूर्ण अवसर है।

सुबह लगभग 11:15 बजे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव का दौरा करेंगे। वे संथाली जहेरा और हो जहेरा के पवित्र उपवनों, कौशल केंद्र और पहाड़पुर स्कूल में पूजा-अर्चना करेंगे। इस यात्रा के दौरान जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षिक अवसरों को मजबूत करने, कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चल रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला जाएगा।

दोपहर करीब 1 बजे, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मयूरभंज जिले के रायरांगपुर में ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम का विषय है “विकास धारा, ओडिशा सारा”। इस कार्यक्रम के दौरान 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 20-21 जून 2026 को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। 20 जून को दोपहर लगभग 3:45 बजे, प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में भाग लेंगे। वे पश्चिम बंगाल में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। वे इस अवसर पर सभा को भी संबोधित करेंगे।

21 जून को सुबह लगभग 6:30 बजे प्रधानमंत्री कोलकाता में आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित करेंगे।

इसके पश्‍चात, सुबह लगभग 9:15 बजे, प्रधानमंत्री कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों-आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय का शुभारंभ करेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

हुगली में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में भाग लेंगे। राज्य स्तरीय समारोह हुगली के तारकेश्वर में आयोजित किए जा रहे हैं, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से जुड़ा एक ऐतिहासिक महत्व का स्थल है।

इस वर्ष के पश्चिम बंगाल दिवस का विषय: "पश्चिम बंगाल: विरासत, सद्भाव और विकास," राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, सामाजिक एकता और विकासात्मक आकांक्षाओं को दर्शाता है।

Previous

दौड़ से ध्यान 2026 ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह से पहले कोलकाता को एकजुट किया

Next

ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबे बीकॉम के छात्र ने शुरू की हथियारों की तस्करी, रोहतक CIA द्वारा विदेशी पिस्तौल व कारतूस सहित गिरफ्तार