अंतिम 7 मिनट का 'मेसी मैजिक': इंग्लैंड को 2-1 से धूल चटाकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना!
आरएस अनेजा, 16 जुलाई नई दिल्ली - अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हरा दिया है। अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में अर्जेंटीना ने आखिरी 7 मिनटों में शानदार वापसी करते हुए लगातार दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब अर्जेंटीना का सामना रविवार, 19 जुलाई फाइनल मुकाबला स्पेन से होगा।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों की तरफ से आक्रामक खेल देखने को मिला। अर्जेंटीना के मुकाबले इंग्लैंड ने ज्यादा हमले किए और गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी। दोनों टीमों का डिफेंस पहले हाफ में बेहद मजबूत रहा और शुरुआती 45 मिनट में कोई गोल नहीं हो सका।
हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत इंग्लैंड ने दमदार अंदाज में की। मैच के 55वें मिनट में मोर्गन रोजर्स के पास पर एंथनी गॉर्डन ने बेहतरीन शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए इंग्लैंड को मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भी इंग्लैंड की तरफ से लगातार अटैक जारी रहे। मगर अर्जेंटीना ने मैच के अंतिम पलों में जबरदस्त वापसी की। 85वें मिनट में एंजो फर्नांडेज ने लियोनेल मेसी से मिले पास को गोल में तब्दील करते हुए अर्जेंटीना के खेमे को राहत की सांस दिलाई। 1-1 से बराबर हो चुके स्कोर के बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में जाता हुआ दिख रहा था।
हालांकि, इंजरी टाइम में अर्जेंटीना ने मुकाबले को पूरी तरह से पलट दिया। मेसी द्वारा दिए गए पास को लाउतारो मार्टिनेज ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया और अर्जेंटीना के लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने पर मुहर लगा दी। अंतिम 7 मिनटों में किए गए दो गोल की बदौलत अर्जेंटीना सेमीफाइनल मुकाबले को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रहा।
Previous
चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 66,146 नाम कटे, 21 जुलाई को आएगा पहला ड्राफ्ट
Next