पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि जनता विकास और काम करने वाली सरकार चाहती है -ऊर्जा मंत्री अनिल विज

देश की जनता ने भाजपा को विकास और सुशासन की पार्टी के रूप में स्वीकार किया - अनिल विज

विपक्ष के किले लगातार ढह रहे हैं, पंजाब में भी खिलेगा भाजपा का कमल - अनिल विज

भाजपा महिलाओं को केवल सम्मान नहीं, नेतृत्व की जिम्मेदारी भी देती है - अनिल विज

इंडी गठबंधन केवल पोस्टरों तक सीमित रहा, जनता का विश्वास भाजपा के साथ - विज

चंडीगढ़, 1 जून- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने विश्वास जताते हुए कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग भी उसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जैसी सोच देश के अन्य राज्यों-दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल की जनता की है। उन्होंने कहा कि देश की जनता यह मान चुकी है कि विकास और जनहित के लिए काम करने वाली पार्टी भारतीय जनता पार्टी है, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।

श्री विज आज चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे।

विपक्ष के किले लगातार ढह रहे हैं, पंजाब भी इससे अछूता नहीं रहेगा- विज

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में श्री विज ने कहा कि देशभर में जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक-एक करके विपक्ष के मजबूत गढ़ कमजोर पड़ते जा रहे हैं और इसी क्रम में पंजाब में भी भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता भी विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व चाहती है, इसलिए वहां भाजपा सरकार बनने की पूरी संभावना है।

पश्चिम बंगाल की घटना की जांच से सच्चाई सामने आएगी- विज

पश्चिम बंगाल में ममता बैनर्जी के भतीजे अभिषेक बैनर्जी के साथ हुई हालिया घटना को लेकर पूछे गए प्रश्न पर श्री विज ने कहा कि मामले में विभिन्न प्रकार की बातें सामने आ रही हैं कि घटना के पीछे कौन लोग हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना कार्य कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद तथ्य स्वयं सामने आ जाएंगे। इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी अपने बयानों पर कायम नहीं रहते - विज

राहुल गांधी द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर की गई टिप्पणी के संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री विज ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के बयान अक्सर बदलते रहते हैं और वे अपने कथनों पर स्थिर नहीं रहते। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के कारण कांग्रेस नेतृत्व असमंजस की स्थिति में दिखाई देता है, जिसके कारण उनके बयानों में भी स्पष्टता नहीं रहती।

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस का आंतरिक मामला- विज

कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री विज ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का आंतरिक विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक चुनौतियों से कैसे निपटती है, यह उसका अपना निर्णय है। ऐसे मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

इंडी गठबंधन केवल कागजों और पोस्टरों तक सीमित रहा- विज

इंडी गठबंधन के भविष्य को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में श्री विज ने कहा कि यह गठबंधन कभी प्रभावी रूप से अस्तित्व में नहीं आ सका। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों की विचारधाराएं और राजनीतिक प्राथमिकताएं कभी एक जैसी नहीं रहीं, जिसके कारण यह केवल औपचारिक घोषणाओं और पोस्टरों तक ही सीमित रहा।

भाजपा महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं, नेतृत्व के अवसर भी देती है - विज

हरियाणा में महिला को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर श्री विज ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण की केवल बात नहीं करती, बल्कि उन्हें नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सक्रिय और सक्षम महिला नेता को यह जिम्मेदारी दी है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में पार्टी को गति मिलेगी।

---------

Next

त्रिपुरा चिटफंड घोटाला: सीबीआई कोर्ट ने प्राइवेट कंपनी और उसके सीएमडी सहित तीन अधिकारियों को सुनाई 6 साल तक की सजा