अवैध कॉलोनी पर जिला नगर योजनाकार विभाग की बड़ी कार्रवाई, कच्ची सड़कों का जाल ध्वस्त
जे कुमार, अम्बाला 17 नवम्बर - जिला नगर योजनाकार अम्बाला के प्रवर्तन दस्ते ने अर्बन एरिया बराड़ा के अंतर्गत गांव मुलाना, सब-तहसील मुलाना और जिला अम्बाला में अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 एकड़ भूमि (खसरा नंबर 84//15, 85//11) में बनाए गए अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया। अवैध कॉलोनी में तैयार की गई कच्ची सड़कों के पूरे जाल को मशीनों की सहायता से पूरी तरह तोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान, पटवारी नेत्रपाल शर्मा, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक और इनफोर्समेंट ब्यूरो पुलिस विभाग के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। टीम ने बिना अनुमोदन विकसित की जा रही इस कॉलोनी को नियमों के अनुरूप अवैध करार देते हुए तत्काल प्रभाव से तोड़फोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस अवसर पर जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि भूमि मालिक और कुछ प्रॉपर्टी डीलर कॉलोनी के नियमित (रेगुलर) होने का भ्रम फैलाकर लोगों को प्लॉट खरीदने के लिए गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसी अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदना न सिर्फ आर्थिक जोखिम है बल्कि भविष्य में विभागीय कार्रवाई की वजह से खरीदार को भारी नुकसान भी झेलना पड़ सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार के झांसे में न आएँ, अवैध कॉलोनियों में न प्लॉट खरीदें और न ही किसी तरह का निर्माण कार्य शुरू करें। साथ ही उन्होंने बताया कि जिला नगर योजनाकार विभाग भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी कार्रवाई लगातार जारी रखेगा।
#ambala #News #barara #district-town-planner #major-action-against-illegal-colonies