अम्बाला मण्डल में स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान का आयोजन
जे कुमार, अम्बाला 18 सितम्बर - उत्तर रेलवे के निर्देशानुसार अम्बाला मण्डल में स्वच्छता ही सेवा - 2025 अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारम्भ मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, अम्बाला छावनी में, मण्डल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया, अपर मण्डल रेल प्रबंधक, देवी सिंह मीणा तथा समस्त विभागों के वरिष्ठ शाखाधिकारीगण एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता ही सेवा विषय पर स्वच्छता शपथ समारोह का आयोजन कर के किया गया।
स्वच्छता ही सेवा में प्रतिदिन भिन्न-भिन्न गतिविधियों के दौरान जिसमें स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (सीटीयू) का रूपांतरण, कठिन और गंदे स्थानों की पहचान की जाएगी, उनका मानचित्रण किया जाएगा और समयबद्ध तरीके से उन्हें साफ किया जाएगा। स्वच्छ सार्वजनिक स्थानः प्रतिष्ठानों/संस्थानों और अधिक आवाजाही वाले स्थानों की सामान्य सफाई, सफाई मित्र सुरक्षा शिविरः निवारक स्वास्थ्य जांच और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए एकल खिड़की शिविर, स्वच्छ हरित उत्सवः पर्यावरण अनुकूल और शून्य अपशिष्ट उत्सव, वकालतः स्वच्छ सुजल गांव, अपशिष्ट कूड़े से कला, स्वच्छ स्ट्रीट फूड, आरआरआर केंद्र आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष, 25 सितम्बर को एक साथ राष्ट्रव्यापी श्रमदान, 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्र की स्वच्छता के लिए नागरिकों को शामिल किया जाएगा। अंत में यह स्वच्छोत्सव 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत दिवस अभियान के साथ समाप्त होगा |
#swachhata-hi-seva-2025 #ambala #campaign #ambaladivision