गुरुग्राम नगर निगम और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी: खाली कराया गया परिसर; दिल्ली-हरियाणा के 6 प्रसिद्ध मंदिर और ट्रेनें भी निशाने पर
गुरुग्राम, 4 जून (अन्नू): हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-34 स्थित नगर निगम (MCG) मुख्यालय और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिली है। खालिस्तान के नाम पर भेजे गए इस धमकी भरे ईमेल के बाद पूरे प्रशासनिक अमले और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मेल मिलते ही स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) तुरंत मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर पूरे सरकारी परिसर को खाली कराकर सर्च अभियान शुरू कर दिया। दफ्तर के कर्मचारियों और काम से आए आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दोपहर 1:11 से 3:11 के बीच आईईडी धमाके का था दावा
धमकी भरा यह थ्रेट मेल "खालिस्तान नेशनल आर्मी" के नाम से जारी किया गया है। मेल में सीधे तौर पर लिखा गया है— 'हरियाणा बनेगा खालिस्तान। हिंदू मंदिर निशाने पर हैं।'
मेल में दावा किया गया था कि गुरुग्राम के मेयर और नगर निगम कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच आईईडी (IED) ब्लास्ट किए जाएंगे। इसके साथ ही इसमें अमृतसर स्थित दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) में 6 जून 1984 को हुई सैन्य कार्रवाई का हवाला देते हुए 'बदला, बदला, बदला' लिखा गया है। मेल में आरोप लगाया गया कि दिल्ली और हरियाणा के लोगों ने भिंडरांवाले की मौत के दिन मिठाइयां बांटी थीं, इसलिए 6 जून को इसका बदला लिया जाएगा।
दिल्ली-हरियाणा के 6 बड़े मंदिर और रेलवे ट्रैक निशाने पर
धमकी भरे मेल में केवल गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि दिल्ली और हरियाणा के कई बेहद प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मंदिरों को निशाना बनाने की बात कही गई है। हिटलिस्ट में शामिल मंदिर इस प्रकार हैं:
गौरी शंकर मंदिर, चांदनी चौक (दिल्ली)
कालका जी मंदिर, कालका जी (दिल्ली)
योगमाया मंदिर, महरौली (दिल्ली)
भीमा देवी मंदिर, पिंजौर (हरियाणा)
कार्तिकेय मंदिर, पिहोवा (हरियाणा)
स्थानेश्वर महादेव मंदिर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
ट्रेनों में धमाके की चेतावनी: इसके अलावा मेल में आम जनता को बच्चों को बचाने और सफर न करने की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि 5 और 6 जून को सुबह 9:11 बजे चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर आईईडी (IED) धमाके किए जाएंगे।
गुरुग्राम के नामी स्कूलों को भी मिल चुकी है ऐसी धमकी
गौरतलब है कि गुरुग्राम में करीब एक महीने पहले (29 अप्रैल को सुबह 8:33 बजे) भी कई बड़े और नामी स्कूलों को इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय सनसिटी, श्रीराम, एमिटी और दी एचडीएफसी जैसे प्रतिष्ठित स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिसके बाद बच्चों की छुट्टी कर स्कूलों को सैनिटाइज किया गया था। तब जांच में वह धमकी महज एक अफवाह (Hoax) साबित हुई थी। फिलहाल, इस ताजा गंभीर धमकी के बाद गुरुग्राम, अंबाला और दिल्ली सहित पूरे रूट पर सुरक्षा एजेंसियां और रेलवे पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
#GurugramNews #BombThreat #MCGOffice #GurugramMayor #KhalistanNational Army #IEDBlastThreat #DelhiAmbalaRailway #HighAlert #HaryanaPolice #SecurityAlert #BreakingNews #GurgaonNews #DanikKhabar
Previous
"देश के लोग काम करने वालों के साथ, सबसे लंबे कार्यकाल के बाद आगे भी प्रधानमंत्री मोदी जी ही करेंगे काम" : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
Next