05/06/25

ट्रंप ने 12 देशों से अमेरिका की यात्रा पर लगाया प्रतिबंध; सात राष्ट्रों के लोगों की एंट्री भी बैन

नई दिल्ली, 05 जून (अभी): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने पहले कार्यकाल की यात्रा प्रतिबंध नीति को लागू कर दिया है। उन्होंने बुधवार रात (स्थानीय समयानुसार) को एक आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसमें 12 देशों के लोगों को अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया गया है। ये प्रतिबंध सोमवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) 12:01 से प्रभावी होगा। 



ट्रंप ने जिन देशों के लोगों के अमेरिका आने पर रोक लगाई है, उनमें अफगानिस्तान, बर्मा, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं। इसके अलावा, सात राष्ट्र के लोगों की एंट्री भी बैन की गई है। इन देशों में बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला शामिल हैं। 



20 जनवरी को जारी किए गए कार्यकारी आदेश के आधार पर फैसला


ट्रंप ने अपने घोषणा पत्र में कहा, 'मुझे अमेरिका और उसके लोगों की राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कार्य करना चाहिए।' यह फैसला 20 जनवरी को ट्रंप द्वारा जारी किए गए कार्यकारी आदेश के आधार पर लिया गया है, जिसमें ट्रंप ने राज्य और होमलैंड सुरक्षा विभाग व राष्ट्रीय खुफिया निदेशक को अमेरिका के प्रति 'दुश्मन जैसा व्यवहार' रखने वाले देशों की रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा था। 


पहले कार्यकाल में भी सात मुस्लिम देशों पर लगाया था प्रतिबंध
अपने पहले कार्यकाल के दौरान, ट्रंप ने जनवरी 2017 में भी एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें सात मुस्लिम देशों के नागरिकों पर अमेरिका की यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाया गया था। इन देशों में इराक, सीरिया, ईरान, सूडान, लीबिया, सोमालिया और यमन थे। 



2017 में ट्रंप के आदेश के बाद परेशान हुए थे मुस्लिम देशों के लोग


2017 में ट्रंप के इस आदेश के बाद इन मुस्लिम देशों के छात्र, शिक्षक, व्यापारी, टूरिस्ट और परिवार से मिलने वाले लोग परेशान हुए थे। कुछ यात्रियों को या तो अमेरिका आने वाली उड़ानों पर चढ़ने से रोक दिया गया था या फिर उन्हें उतरने के बाद अमेरिकी हवाई अड्डों पर हिरासत में ले लिया गया था। ट्रंप के इस आदेश को 'मुस्लिम प्रतिबंध' भी कहा गया था। बहुत से लोगों ने इसका विरोध किया और अदालत में चुनौती दी, लेकिन 2018 में अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने इसका एक संशोधित रूप मंजूर कर लिया। 


ट्रंप के प्रतिबंध से इन देशों के यात्री और अप्रवासी हुए थे प्रभावित
उस दौरान ट्रंप के प्रतिबंध से ईरान, सोमालिया, यमन, सीरिया और लीबिया के विभिन्न श्रेणियों के यात्री और अप्रवासी प्रभावित हुए। इसके अलावा, उत्तर कोरिया और कुछ वेनेजुएला के सरकारी अधिकारियों और उनके परिवारों पर भी इस प्रतिबंध का प्रभाव हुआ। 


ट्रंप के नए प्रतिबंध में भी कई मुस्लिम देश शामिल


अब नए प्रतिबंध में भी ट्रंप ने कई मुस्लिम देशों को शामिल किया है। ट्रंप ने इस प्रतिबंध का हमेशा यह तर्क देकर बचाव किया कि इसका उद्देश्य देश की रक्षा करना था। यह मुस्लिम विरोधी पूर्वाग्रह पर आधारित नहीं था। हालांकि, ट्रंप ने व्हाइट हाउस के लिए अपने पहले अभियान के दौरान मुसलमानों पर खुले तौर पर प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया था। 

Previous

हज के लिए सऊदी अरब पहुंचे 15 लाख से ज्यादा विदेशी, 40 डिग्री तापमान में कर रहे पैदल यात्रा

Next

रिमझिम बारिश के बीच हुआ "रन फॉर एनवायरमेंट" का सफल आयोजन, वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना