07/10/25

संत-महापुरुषों की जयंतियां मनाने का उद्देश्य समाज को उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ाना: खेल मंत्री

जे कुमार, पलवल 7 अक्तूबर - सत्य, ज्ञान और धर्म के प्रतीक महर्षि वाल्मीकि की जयंती की बधाई देते हुए हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सभी संत-महापुरुषों की जयंतियां सरकारी तौर पर मना रही है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके बताये मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित एवं प्रेरित करना है। हमारे संतों-महापुरुषों ने सत्य व धर्म का मार्ग दर्शाया है जिस पर चलकर जीवन को सफल बनाया जा सकता है।


सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से लघु सचिवालय में महर्षि वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने दीप प्रज्वलित करते हुए समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण रूपी महाग्रंथ की रचना कर सत्य व मर्यादा के स्तर का पाठ पढ़ाया।

हमारी जीवनशैली कैसी होनी चाहिए, इसकी सीख हमें संतों-महापुरुषों से मिलती है। यदि हम उनके बताये मार्ग का दस प्रतिशत भी अनुसरण कर लें तो जीवन सफल हो जाता है। संतों की कोई जाति नहीं होती। संत-महापुरुष सभी के लिए पूजनीय होते हैं। वाल्मीकि समाज मेहनतकश समाज है, जिसके लिए स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बड़ी घोषणाएं करेंगे। भाजपा सरकार जरूरतमंद वर्गों के कल्याण को समर्पित है।


खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते 25 सितंबर को लाडो लक्ष्मी योजना को लागू कर माताओं-बहनों के खातों में सीधे 2100 रुपये की राशि भेजने की शुरुआत की है। भाजपा सरकार अपने हर वायदे को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का स्वप्न संजोया है |

जिसे पूरा करने के लिए हमें एकजुटता के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाने होंगे। इसके लिए संकल्प लें कि दिवाली पर्व पर स्वदेशी अपनायेंगे। भारत में बनी तथा भारतीयों द्वारा बनाई गई वस्तुओं की ही खरीद करेंगे। स्वदेशी अपनाकर हम आत्मनिर्भरता की ओर तीव्र गति से बढ़ सकते हैं।


समारोह की अध्यक्षता कर रहे उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने महर्षि वाल्मीकि जयंती की बधाई देते हुए मुख्यातिथि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को आत्मसात कर जीवन में आगे बढ़ें।

ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य एवं समारोह के आयोजन में विशेष सहयोगी रहे ओमकार खांडिया ने इस दौरान मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें मांगपत्र सौंपा। साथ ही बलि सेना की ओर से रोहित व राजा आदि ने मुख्यातिथि को महर्षि वाल्मीकि की तस्वीर भेंट की। वाल्मीकि महासभा की ओर से दीपक ने भी संबोधन दिया।


इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैसला, अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार, एसडीएम ज्योति, नगराधीश अप्रतिम सिंह, जिला कल्याण अधिकारी अनिल, पंकज विरमानी, वीरपाल दीक्षित, हरेंद्रपाल राणा, वाल्मीकि महासभा के प्रधान दीपक, सतपाल मेढवाल, विजय बेनीवाल, रोहित सहित अन्य संबंधित अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

#palwal #News #ports-minister

Previous

त्योहारी मिठास पर खाद्य विभाग की नज़र: अंबाला छावनी में 7 सैंपल जांच को भेजे

Next

एसपी अम्बाला ने रोड सेफ्टी कार्यक्रम में छात्र/छात्राओं/शिक्षकों को  सड़क सुरक्षा नियमों बारे किया जागरूक