जालंधर: कांग्रेस नेता और फिटनेस प्रेमी मनु वड़िंग का दिल का दौरा पड़ने से निधन
जालंधर/पंजाब, 30 जनवरी (अन्नू ): पंजाब की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बेहद करीबी माने जाने वाले मनोज मल्होत्रा (मनु वड़िंग) का शुक्रवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। महज 48 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह देने वाले मनु वड़िंग को तड़के करीब 4 बजे अचानक 'साइलेंट अटैक' आया। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगा, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मनु वड़िंग न केवल राजनीति में एक सक्रिय चेहरा थे, बल्कि रियल एस्टेट के कारोबार में भी उनकी गहरी पैठ थी। वे जालंधर के वड़िंग क्षेत्र से ताल्लुक रखते थे और लंबे समय से जनसेवा में जुटे थे। उनकी पत्नी परवीना भी पार्षद के रूप में शहर की सेवा कर चुकी हैं। इस दुखद घटना के बाद उनके निवास पर शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है।
मनु वड़िंग की मृत्यु ने हर किसी को इसलिए भी हैरान कर दिया है क्योंकि वे अपनी सेहत को लेकर बेहद सजग रहते थे। उनके जीवन का एक बड़ा हिस्सा जिम और व्यायाम को समर्पित था। हैरानी की बात यह है कि निधन से महज एक दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक वर्कआउट वीडियो साझा किया था, जिसमें वे युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक और प्रेरित कर रहे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि हमेशा फिट दिखने वाले इस नेता का सफर इतनी जल्दी और इस तरह समाप्त हो जाएगा।
मनु वड़िंग का अंतिम संस्कार आज शुक्रवार दोपहर को दीप नगर स्थित रामबाग श्मशानघाट में किया जाएगा। उनकी अंतिम विदाई में पंजाब के कई बड़े राजनेताओं और गणमान्य हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
#JalandharNews #PunjabCongress #ManuWarring #RIP #FitnessInspiration #HealthAlert #CongressLeader #JalandharPolitics