भाजपा मंडल प्रशिक्षण कार्यशाला का 4 से 6 अप्रैल तक अग्रवाल धर्मशाला में आयोजन होगा : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
प्रशिक्षण कार्यशाला में होंगे अलग-अलग सात सत्र, बाहर से वक्ता आकर पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे : मंत्री अनिल विज
प्रशिक्षण कार्यशाला को सुचारू रूप से चलाने के लिए भाजपा नेता व पार्षद प्रमोद कुमार लक्की को चुना गया “व्यवस्था प्रमुख”
अम्बाला/चंडीगढ़, 1 अप्रैल - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत अम्बाला छावनी में मंडल प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन अग्रवाल धर्मशाला में 4 से 6 अप्रैल तक किया जाएगा।
मंत्री अनिल विज आज प्रशिक्षण कार्यशाला की तैयारियों को लेकर भाजपा मंडल प्रभारियों व मंडल प्रधानों से चर्चा कर रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक कौशल को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर 4 से 6 अप्रैल तक सात सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें अम्बाला छावनी के सदर, महेशनगर, ग्रामीण और शास्त्री मंडल के पदाधिकारी शामिल होंगे। शिविर में हर मंडल से मंडल अध्यक्ष व मंडल प्रभारी के अलावा मंडल पदाधिकारी, मंडल कार्यकारिणी सदस्य, शक्ति केंद्र प्रमुख, मंडल में रहने वाले जिला, प्रदेश व केंद्र तथा मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल मोर्चा प्रधान और मंडल मोर्चा महामंत्री प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हर सत्र में अलग-अलग वक्ता संबोधित करेंगे जोकि अन्य क्षेत्रों से यहां आएंगे। प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने वाले पदाधिकारी प्रशिक्षण शिविर स्थल पर 24 घंटे वहीं रहेंगे और रात्रि ठहराव भी करेंगे। शिविर में हिस्सा लेने वाले पदाधिकारियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। वहीं आज बैठक के दौरान प्रशिक्षण शिविर को सुचारू रूप से चलाने के लिए व्यवस्था प्रमुख भाजपा नेता व पार्षद प्रमोद कुमार लक्की को चुना गया। उनपर प्रशिक्षण शिविर के लिए व्यवस्था का प्रभार होगा।
आज बैठक के दौरान भाजपा सदर मंडल प्रभारी राजीव गुप्ता डिम्पल, ग्रामीण मंडल प्रभारी किरणपाल चौहान, महेशनगर मंडल प्रभारी विजेंद्र चौहान, शास्त्री मंडल प्रभारी विपिन्न खन्ना के अलावा सदर मंडल प्रधान रवि बुद्धिराजा, शास्त्री मंडल प्रधान प्रवेश शर्मा व ग्रामीण मंडल प्रधान विकास बहगल मौजूद रहे।