दिल्ली के विवेक विहार में भीषण अग्निकांड: आग की लपटों में घिरी चार मंजिला इमारत, मासूम समेत 9 की मौत

नई दिल्ली, 03 मई (अन्‍नू): शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार की सुबह मौत बनकर आई। सुबह करीब 4 बजे जब लोग गहरी नींद में थे, तभी एक चार मंजिला रिहायशी इमारत भीषण आग की चपेट में आ गई। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह 3:47 बजे सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इस हृदयविदारक हादसे में एक छोटे बच्चे समेत कुल 9 लोगों की जान चली गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।



सीढ़ियों और कमरों से मिले झुलसे हुए शव


हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि बचाव दल को बिल्डिंग के अलग-अलग हिस्सों से शव बरामद हुए। पहली मंजिल से एक, दूसरी मंजिल से पांच और सीढ़ियों के पास से तीन शव मिले। आशंका जताई जा रही है कि आग से बचने के लिए लोग छत की ओर भागे थे, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण वे वहां फंस गए। स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा के अनुसार, शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना नामुमकिन सा हो गया है। अब DNA टेस्ट के जरिए ही मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी।



रेस्क्यू में बाधा बनी खिड़कियों की ग्रिल


दमकल विभाग के अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि इमारत के पिछले हिस्से में आग लगी थी, जहां हर मंजिल पर 4BHK फ्लैट बने हुए थे। आग लगने के बाद पीछे के हिस्से में मौजूद लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। खिड़कियों पर लगी लोहे की मजबूत 'सेफ्टी ग्रिल' की वजह से राहत कार्य में भारी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षित निकाले गए लोगों में से एक व्यक्ति 30% तक झुलस गया है, जिसका इलाज जीटीबी (GTB) अस्पताल में चल रहा है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।



धमाका या शॉर्ट सर्किट? जांच में जुटा प्रशासन


आग लगने की असल वजह अभी तक रहस्य बनी हुई है। चश्मदीदों और स्थानीय निवासियों के बयानों में भिन्नता है; कुछ लोगों का मानना है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ, जबकि कुछ ने एयर कंडीशनर (AC) में धमाके के बाद आग फैलने की बात कही है। प्रशासन हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रहा है। मृतकों की सूची में शिखा जैन, अनिता जैन, निशांत जैन, अंचल जैन, नितिन जैन, शैली जैन, समयंक जैन और अरविंद लाल के नाम शामिल हैं, जबकि एक मृतक की पहचान अभी बाकी है।



#DelhiFire #VivekViharTragedy #ShahdaraNews #DelhiNews #FireAccident #RescueOperation #DelhiPolice #TragicIncident #DanikKhabar

Previous

शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री को दिया न्योता: कुरुक्षेत्र में होगा शिक्षा के नए भविष्य पर मंथन

Next

विकसित भारत में नारी की सहभागिता महत्वपूर्ण - राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष