दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: क्राइम ब्रांच ने 4 लापता नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित खोजा
नई दिल्ली, 2 अप्रैल (अन्नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग इलाकों से अगवा और लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और जमीनी सूचनाओं के आधार पर इन लड़कियों को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा के पास से ढूंढ निकाला और उनके परिजनों से मिलाया।
मामला 1: 18 महीने बाद मिली सफलता प्रेम नगर इलाके से अगस्त 2024 में लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने करीब डेढ़ साल की कड़ी मशक्कत के बाद नजफगढ़ की अनाज मंडी के पास से बरामद किया। जांच में पता चला कि वह बिना बताए अपने दोस्तों के साथ चली गई थी।
मामला 2: यूपी के बदायूं से बरामदगी समयपुर बादली इलाके की रहने वाली 14 साल की एक अन्य लड़की, जो मार्च 2026 में लापता हुई थी, उसे पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से खोज निकाला। वह दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करती थी और परिजनों को बताए बिना अपनी सहेली के साथ यूपी चली गई थी।
मामला 3: दोस्ती और शादी का झांसा विकास नगर से सितंबर 2024 में लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने विकास नगर इलाके से ही बरामद किया। पता चला कि वह पड़ोस के एक लड़के के संपर्क में थी और उसके साथ बिहार चली गई थी, जहाँ उन्होंने मंदिर में शादी कर ली थी।
मामला 4: नेपाल तक पहुंचा पुलिस का जाल मुंडका इलाके से फरवरी 2026 में लापता हुई 13 साल की मासूम बच्ची को पुलिस ने मुंडका औद्योगिक क्षेत्र से तब बरामद किया जब वह नेपाल से वापस आई। जांच में खुलासा हुआ कि एक लड़का उसे बहला-फुसलाकर आनंद विहार बस टर्मिनल के रास्ते नेपाल ले गया था, जहाँ वे लड़के की बहन के घर रुके थे।
टीम की सराहना डीसीपी (क्राइम ब्रांच) पंकज कुमार ने बताया कि एसीपी सुरेश कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर मुकेश कुमार और मनोज दहिया की टीमों ने इन मामलों को संवेदनशीलता से सुलझाया। सभी लड़कियों को संबंधित थानों के जांच अधिकारियों को सौंप दिया गया है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।
#DelhiPolice #CrimeBranch #MissingTrace #AHTU #HumanTrafficking #DelhiNews #SafeRecovery #PoliceSuccess #DanikKhabar