“अम्बाला छावनी का विकास करने के लिए मैंने जी-जान लगाई, विश्वास दिलाता हूं कि आखिरी सांस तक विकास कराने के लिए कार्य करता रहूंगा” : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

अम्बाला छावनी में ताड़कावादी लोग विकास कार्यों में डाल रहे रुकावट, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मंच से दी चेतावनी

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बब्याल से रामगढ़ माजरा स्टोन पीचिंग व महेशनगर पंप हाउस ईमारत के पुर्ननिर्माण व फ्लड गेट लिफ्टिंग कार्य का शिलान्यास किया


अम्बाला/चंडीगढ़, 17 मई- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि “अम्बाला छावनी का विकास करने के लिए मैनें जी-जान लगा दी और विश्वास दिलाता हूं कि आखिरी सांस तक अम्बाला छावनी के विकास के लिए कार्य करता रहूंगा”।

मंत्री अनिल विज आज बब्याल स्थित संत शिरोमणि रविदास मंदिर के निकट टांगरी बांध पर बब्याल से लेकर रामगढ़ माजरा स्टोन पीचिंग कार्य के शिलान्यास तथा महेशनगर पंप हाउस की ईमारत के पुर्ननिर्माण व नए फ्लड गेट को अपलिफ्ट करने के कार्य के शिलान्यास समारोह में लोगों को सांबेधित कर रहे थे।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज टांगरी नदी बांध पर बब्याल से रामगढ़ माजरा तक स्टोन पीचिंग के कार्य की शुरूआत की जा रही है जबकि रामगढ़ माजरा से पंजाब बॉर्डर तक स्टोन पीचिंग के टेंडर लग चुके हैं। कुल 7.34 करोड़ रुपए की लागत से बब्याल से पंजाब बार्डर तक स्टोन पीचिंग की जाएगी। इसी प्रकार महेशनगर पम्प हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री अनिल विज ने 2.80 करोड़ रुपए की लागत से ईमारत के पुर्ननिर्माण व फ्लड गेटस को ऊंचा करने के कार्य का शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि हम लगातार अपने क्षेत्र को बाढ़ के प्रकोप से बचाने के प्रयास करते रहते हैं। जब हमारी पहली बार हरियाणा में सरकार बनी तो मैनें रामगढ़ माजरा से घसीटपुर तक पक्का बांध करवाकर यहां सड़क बना दी जिसका आज लोग भरपूर फायदा उठा रहे हैं। पिछले वर्ष टांगरी नदी में सर्वाधिक 43 हजार क्यूसिक पानी आया जिससे टांगरी का दूसरा इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र की ओर का किनारा प्रभावित हुआ। हमने टांगरी खुदाई शुरू कराई मगर अम्बाला छावनी के कुछ ताड़कावादी लोगों ने टांगरी को गहरा नहीं करने दिया।

अब टांगरी नदी को रामगढ़ माजरा से लेकर सहारनपुर रेलवे लाइन तक गहरा करवा दिया है, मगर सहारनपुर रेलवे लाइन से दिल्ली रेलवे लाइन तक खुदाई होनी है जबकि शाहपुर से लेकर दुराना तक नदी खुदाई के टेंडर हो चुके है, मगर ताड़कावादी लोग काम में रुकावट डाल रहे हैं और बीते एक माह से काम रुका है। उन्होंने कहा कि जब तक पानी की निकासी तेजी से नहीं होगी, खुदाई के लिए प्रशासन संयम से काम ले रहा है और निशानदेही करवा रहा है। उन्होंने कहा नदी का सिद्धांत होता है कि जब तक सारा एक लेवल पर नहीं होता तब तक पानी तेजी से नहीं निकलता। हम चाहते हैं कि बरसातों से पहले खुदाई का कार्य हो जाए ताकि पानी निकासी बेहतर हो सके।

शहर में ताड़कावादी लोग विकास कार्यों में डाल रहे रुकावट, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मंच से दी चेतावनी  

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि टांगरी नदी के दूसरी ओर इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ भी बांध बनाने की कोशिश की, मगर वहां भी ताड़कावादी लोग रुकवाट डाल रहे हैं। सरकार को लिखा गया है कि वहां बांध बनाकर उसे मजबूत बनाया जाए। हमने पानी निकासी के लिए और भी कई कार्य किए। महेशनगर पंप हाउस पर पानी निकासी के लिए केवल 100 क्यूसिक की मोटर लगी थी व टांगरी में आने-जाने का साधन नहीं था। उन्होंने बांध से लेकर टांगरी नदी तक जमीन एक्वायर कराई और नाला टांगरी तक खुदवा दिया और अब 350 क्यूसिक के पंप लगवा दिए, मगर तब भी इन ताड़कावादियों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया के चारों ओर चारदिवारी की जा रही है, मगर कुछ लोग बदमाशी कर रहे हैं, वहां कुछ गलत तत्व है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने चेतावनी देते हुए कहा कि “विकास कार्यों में बाधा डालने वाले लोगों को वह छोड़ेंगे नहीं, अनिल विज मेरा नाम है, सारा हरियाणा जाना है कि शरारत करने वालों को अनिल विज छोड़ता नहीं है”। उन्होंने कहा चारदिवारी हर हालत में बननी चाहिए क्योंकि शहर के हजारों लोगों को इंडस्ट्रियल एरिया में रोजगार मिलता है तथा शहर के विकास का पैमाना इंडस्ट्रियल एरिया है। पिछले साल भी करोड़ों रुपए के सामान का नुक्सान हुआ था और इस साल नुक्सान न हो इसलिए उस दीवार को बनाया जाए। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने एसडीएम कैंट को इस मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश मंच से दिए।

अम्बाला छावनी के अन्य क्षेत्रों में स्ट्रॉम वॉटर लाइन डालने के लिए 58 करोड़ रुपए मंजूर : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा टांगरी जहां छावनी में प्रवेश करती है वहां उन्होंने टांगरी तक ड्रेन खुदवाकर 700 क्यूसिक पानी टांगरी में डाल दिया जिससे पानी शहर में आने से पहले ही टांगरी में चला जाता है। उन्होंने गुडगुडिया नाला पक्का करवाया जिससे अब मशीनों से सफाई होती है। उन्होंने अम्बाला सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डलवा दी। अब छावनी के अन्य क्षेत्रों में भी स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डलवाई जाएगी जिसके लिए 58 करोड़ रुपए मंजूर हो चुके हैं। महेशनगर ड्रेन को भी पक्का कराने के लिए उन्होंने 24 करोड़ की योजना मंजूर करवाकर दी और ड्रेन का कुछ हिस्सा पक्का होना शेष रह गया है।

पूर्व सरकारों ने छावनी को बाढ़ से बचाने के लिए 50 वर्षों में कुछ नहीं किया : मंत्री अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि पूर्व सरकारों से छावनी को बाढ़ से बचाने के लिए 50 वर्षों में कोई काम नहीं किया। उन्होंने मंत्री बनते ही सबसे पहले टांगरी नदी बांध पर रामगढ़ माजरा से लेकर घसीटपुर तक पक्की सड़क बनाकर दी। आज यह सड़क लोगों के आने-जाने का साधन भी है। इस सड़क को जीटी रोड से जोड़ा गया और सारा काम हो चुका है। केवल एक ताड़कावादी लोग बीच में अड़चन डाल रहे हैं। जीटी रोड जाने के लिए उन्होंने एक और रास्ता बना दिया, उन्होंने नन्हेड़ा ओवरब्रिज बना दिया जहां से जीटी रोड तक का रास्ता है। वहां एक नई सड़क बनाई जाएगी और रेलवे से जमीन लीज पर लेने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने कहा टांगरी नदी को इस वर्ष ओर ज्यादा गहरा करवाया गया है ताकि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। उसी प्रकार से टांगरी नदी के दूसरी तरफ भी हम बांध बना रहे हैं और स्वीकृति के लिए फाईल विभाग को गई हुई है। वहां पर भी बांध बनाकर रेत के कट्टे लगाकर बेहतर व्यवस्था बनाने का कार्य किया जाएगा।

बैंक स्क्वेयर का द्वितीय चरण का कार्य जल्द प्रारंभ होगा : अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि बैंक स्कवेयर के प्रथम चरण का काम पूरा हो चुका है और द्वितीय चरण के कार्य के 58 करोड़ रुपए के टेंडर लग चुके हैं। इसमें लगभग 32 बैंक होंगे व अन्य बड़ी कंपनियों के शोरूम होंगे। उन्होंने कहा जल्द नाइट फूड स्ट्रीट में दुकानों की भी ऑक्शन होगी। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमारी लोकल बस सर्विस है वह बडी कामयाब रही जिनमें लगभग आधी ईवी बसें और आधी नॉन ईवी बसें चल रही है। आने वाले दिनों में अम्बाला में सभी बसें ईवी होगी। । जिससे लोगों को एयरकंडीशन बस की सुविधा मिलेगी और इससे प्रदूषण पर भी रोक लगेगी।

यह लोग मौजूद रहे

आज कार्यक्रम के दौरान एसडीएम कनिका गोयल, सिंचाई विभाग के एसई मनीष भारद्वाज, नप अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, संजीव सोनी, मदनलाल शर्मा, डिम्पल राणा, नरेंद्र राणा, मोहित कौशिक, भरत कोछड़, बिल्लूराणा, रीना शाक्या, बबीता जैन, श्याम सुंदर अरोड़ा, शिल्पा पासी, आरती सहगल, पुनीत सरपाल, रमनछतवाल, हर्ष बिंद्रा, प्रवेश शर्मा, रवि बुद्धिराजा, विजेंद्र चौहान, राजीव गुप्ता डिम्पल, आशीष अग्रवाल, अनुज यादव, गौरव सैनी, शैली खन्ना, सतीश शाक्या, अनिल नागर, हिमांशु, कीर्ति शर्मा, सोनाली उप्पल आदि मौजूद रहे।

---------------------------

Previous

दैनिक खबर: आज 17 मई , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार

Next

दिल्ली सरकार द्वारा महिला स्टार्टअप्स को मिलेगा 10 करोड़ तक का बिना गारंटी लोन, मॉल में मिलेगी स्वदेशी उत्पादों को जगह