भविष्य की सुरक्षा चुनौतियां और भारत का बढ़ता सामर्थ्य: राष्ट्रपति मुर्मु का आह्वान

आरएस अनेजा, 15 अप्रैल नई दिल्ली - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की शोभा बढ़ाई और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाले समय में सुरक्षा परिदृश्य और भी अधिक जटिल हो जाएगा। अभी कुछ वर्ष पहले तक हम 'डिजिटल अरेस्ट', 'साइबर अपराध' और 'फिशिंग अटैक' जैसे शब्दों से अपरिचित थे, किंतु आज ये हमारे समक्ष प्रमुख खतरों के रूप में खड़े हैं। ऐसे परिदृश्य में, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों की महत्ता और उत्तरदायित्व में व्यापक वृद्धि हुई है।

देश को ऐसे पुलिस अधिकारियों की आवश्यकता है जो साइबर धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों को पकड़ने और उन्हें सजा दिलाने में तकनीकी रूप से सक्षम और निपुण हों। ऐसे फोरेंसिक विशेषज्ञों की जरूरत है जो अदालती जांच की कसौटी पर खरे उतरने वाले साक्ष्य प्रदान कर सकें और साथ ही, ऐसे सक्षम पेशेवरों की भी आवश्यकता है जो जियोपॉलिटिक्स की बारीकियों को समझ सकें और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास एवं स्पष्टता के साथ भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत कर सकें।

राष्ट्रपति ने इस बात को रेखांकित किया कि रणनीतिक अध्ययन अब केवल युद्ध और शांति के सिद्धांतों तक ही सीमित नहीं रह गया है। अब इसके दायरे में रक्षा निर्माण, उभरती प्रौद्योगिकियां, सप्लाई चेन और आत्मनिर्भर औद्योगिक क्षमताएं भी सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा और सुरक्षा से जुड़े उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित करना इन लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र विश्व की दिशा और दशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है। 'इंडिया एआई मिशन' और 'एआई इम्पैक्ट समिट 2026' जैसी पहलों के माध्यम से भारत वैश्विक एआई गवर्नेंस में एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभरा है। एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में 'नई दिल्ली घोषणापत्र' को मिले व्यापक अंतरराष्ट्रीय समर्थन ने न केवल एक तकनीकी उपलब्धि को दर्शाया है, बल्कि यह भारत की नेतृत्व क्षमता का भी प्रमाण है।

Previous

अंबाला में बैसाखी पर मानवता की सेवा: नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 600 मरीजों की जांच

Next

अम्बाला: रग्बी प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों का दबदबा; केएलएम स्मार्ट वर्ल्ड ने हासिल किया रजत पदक