'फिट इंडिया' से 'विकसित भारत': डॉ. मनसुख मांडविया ने 69वें 'संडे ऑन साइकिल' में भरा युवाओं में जोश

आरएस अनेजा, 12 अप्रैल नई दिल्ली - राष्ट्र निर्माण में फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए, केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 69वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का नेतृत्व करते हुए नागरिकों से फिट इंडिया आंदोलन में शामिल होने और एक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सक्रिय जीवन शैली अपनाने का आग्रह किया।

डॉ. मांडविया ने कहा, 'संडे ऑन साइकिल' एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरित होकर देश के युवा फिटनेस के प्रति अधिक जागरूक हो गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'फिट इंडिया' का संदेश दिया है। यह केवल एक संदेश नहीं है, बल्कि विकसित भारत के लिए एक आवश्यकता है।"

डॉ. मांडविया ने फिटनेस का महत्व बताते हुए कहा कि यदि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनना है, तो उसके नागरिकों, विशेषकर युवाओं की फिटनेस ही इसकी आधारशिला है।

उन्होंने आगे कहा “एक स्वस्थ नागरिक एक स्वस्थ समाज का निर्माण करता है, और एक स्वस्थ समाज किसी राष्ट्र को विकसित बनाता है। मैं इस देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे 'संडे ऑन साइकिल' अभियान में शामिल हों और 'फिट इंडिया' का संदेश फैलाएं।”

मंत्री ने फिट इंडिया ऐप के माध्यम से फिटनेस के साथ सततता  के एकीकरण पर भी जोर दिया। इस ऐप से नागरिक साइकिल चलाकर कार्बन क्रेडिट अर्जित कर सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल आवागमन को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। अर्जित कार्बन क्रेडिट का उपयोग उत्पादों की खरीद के लिए किया जा सकता है और जल्द ही साइकिल चलाने के लीडरबोर्ड को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

तेज संगीत, एक साथ किए जाने वाले ज़ुम्बा व्यायाम, गतिविधि क्षेत्रों में बिछी योगा मैट और प्रतीक्षा में कतार में खड़ी साइकिलों के साथ, सुबह-सुबह ही यह स्थान एक जीवंत फिटनेस केंद्र बन गया।

यहां योग प्रदर्शन, रस्साकशी प्रतियोगिताएं, रस्सी कूद, मनोरंजनात्मक खेल क्षेत्र, फोटो बूथ और विभिन्न प्रकार की इंटरैक्टिव फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गई। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी - मशहूर हस्तियां, छात्र, पेशेवर, एथलीट और परिवार - बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।

 

राष्ट्रमंडल खेल 2014 की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज पिंकी जांगरा को भी फिटनेस इन्फ्लुएंसर दिनेश शेट्टी (एक मुए थाई मार्शल आर्टिस्ट और इंडियाज अल्टीमेट वॉरियर के विजेता) और सामाजिक कार्यकर्ता सोनिया सिसोदिया के साथ सम्मानित किया गया।

Next

सुरों की मल्लिका 92 वर्षीय आशा भोसले निधन: संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत