भारत और यूनाइटेड किंगडम के मध्य आर्थिक और व्यापार समझौता हुआ
आरएस अनेजा, 24 जुलाई नई दिल्ली
भारत और यूनाइटेड किंगडम के मध्य गुरुवार आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) पर हस्ताक्षर किए, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “साझा समृद्धि की योजना” करार दिया। चेकर्स एस्टेट में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ मुलाकात के दौरान इस समझौते पर हस्ताक्षर हुए।
इस दौरान पीएम मोदी ने स्टारमर के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा, “यह समझौता भारतीय टेक्सटाइल, फुटवियर, रत्न-आभूषण, समुद्री खाद्य, और इंजीनियरिंग सामान को यूके में बेहतर बाजार पहुंच देगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि ”भारतीय कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग के लिए नए अवसर खुलेंगे, जिससे युवा, किसान, मछुआरे, और एमएसएमई लाभान्वित होंगे। दूसरी ओर, यूके के मेडिकल डिवाइस और एयरोस्पेस जैसे उत्पाद भारत में किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे।”
पीएम मोदी ने कहा, डबल कॉन्ट्रीब्यूशन कन्वेंशन पर सहमति से टेक्नोलॉजी और फाइनेंस जैसे सेवा क्षेत्रों को नई ऊर्जा मिलेगी, कारोबारी लागत कम होगी, और निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा। पीएम मोदी ने कहा, “यूके की अर्थव्यवस्था को भारतीय कुशल प्रतिभा का लाभ मिलेगा, जिससे दोनों देशों में निवेश और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।”
#pm #narenderamodi #uk