दिल्ली: पुलिस ने दबोचे दो शातिर सेंधमार, चोरी के जेवरात और ताले तोड़ने के औजार भी बरामद
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (अन्नू): बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में 5 अप्रैल को हुई एक बड़ी चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने दो पेशेवर चोरों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद पुलिस की 'एंटी स्नैचिंग और चोरी निरोधक सेल' ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध चोरी करते हुए नजर आए। इसके बाद मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने ज्वालापुरी और निहाल विहार में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को उस समय धर दबोचा जब वे चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे।
पुराने नोट और गहने हुए बरामद
पकड़े गए आरोपियों की पहचान युगल किशोर उर्फ 'गूगल' और प्रमोद उर्फ 'बिहारी' के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से सोने की चेन, अंगूठियां, कान की बालियां और चांदी की पायल बरामद की है। इनके पास से ₹1 के 13 पुराने कागजी नोट और चांदी के मनके भी मिले हैं। इसके अलावा, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार जैसे लोहे की रॉड, पेचकश और प्लास भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
नशे के लिए करते थे वारदातों को अंजाम
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के पैसों को अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए खर्च करते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रमोद पर पहले से चोरी और सेंधमारी के 16 मामले दर्ज हैं, जबकि युगल किशोर पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन्होंने हाल ही में और कितनी जगहों पर हाथ साफ किया है।
#DelhiPolice #CrimeNews #TheftCase #DelhiUpdate #SafetyAlert #CriminalArrest #OuterDelhi #DanikKhabar
Previous
यमुनानगर: सिलेंडर में गैस रिफिलिंग के दौरान जोरदार धमाका, 7 बच्चों समेत 11 लोग बुरी तरह झुलसे
Next