दिल्ली: द्वारका पुलिस ने परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह को दबोचा, रिमोट एक्सेस से हल कराए जाते थे पेपर
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (अन्नू): दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने ऑनलाइन प्रवेश परीक्षाओं में धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सेक्टर-23 द्वारका थाना पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि एक इमारत में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। जब पुलिस ने वहां दबिश दी, तो मौके पर कई युवक संदिग्ध हालत में मिले। जांच के दौरान गिरोह का मुख्य सरगना, 28 वर्षीय हर्षवर्धन (निवासी पटना, बिहार) पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए।
रिमोट सॉफ्टवेयर से होता था खेल
पकड़े गए आरोपी हर्षवर्धन ने बताया कि वह मुंबई के एक प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थान की प्रवेश परीक्षा में उम्मीदवारों को पास कराने का ठेका लेता था। खेल इतना शातिर था कि परीक्षा राजस्थान के जयपुर स्थित एक आईटी लैब में होनी थी, लेकिन हर्षवर्धन दिल्ली में बैठकर रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर के जरिए वहां के कंप्यूटर सिस्टम को नियंत्रित कर रहा था। 7 अप्रैल 2026 को होने वाली इस परीक्षा के लिए उसने सभी एडमिट कार्ड भी पहले से तैयार रखे थे।
27 'पेपर सॉल्वर' छात्र हिरासत में
पुलिस ने मौके से 27 से ज्यादा छात्रों को पकड़ा है, जिन्हें इस गिरोह ने 'पेपर सॉल्वर' के रूप में बुलाया था। हर्षवर्धन का साथी 'प्रांजल' इन कॉलेज छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग प्लेटफॉर्म के नाम पर झांसा देकर बुलाता था और उन्हें प्रति प्रश्न हल करने के पैसे दिए जाते थे। ये छात्र दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड समेत विभिन्न राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस अब इन सभी छात्रों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह की गहराई का पता लगाया जा सके।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
द्वारका जिला पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब मुख्य सरगना के साथी प्रांजल और जयपुर की उस आईटी लैब के मालिकों की तलाश कर रही है, जिसकी मिलीभगत से यह पूरा रैकेट चल रहा था। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अब तक कई बड़ी परीक्षाओं में सेंध लगा चुका है। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
#DelhiPolice #ExamScam #DwarkaDistrict #CheatingRacket #OnlineExamFraud #CrimeUpdate #DelhiNews #PaperLeak #DanikKhabar
Previous
दिल्ली: पुलिस ने दबोचे दो शातिर सेंधमार, चोरी के जेवरात और ताले तोड़ने के औजार भी बरामद
Next