19/04/25

गेहूं खरीद व उठान में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आनी चाहिए : हैफड प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार

अम्बाला, 19 अप्रैल (अभी): हैफड प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार ने शनिवार को गेहूं खरीद कार्य के दृष्टिगत अनाज मंडी अम्बाला शहर, अनाज मंडी अम्बाला छावनी व नारायणगढ़ अनाज मंडी का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने आढ़तियों व किसानों से भी मंडी में दी जा रही सुविधाओं के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।


हैफड प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार ने सबसे पहले अनाज मंडी अम्बाला शहर का दौरा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से अब तक कितनी गेहूं की आवक मंडी में पहुंच चुकी है, कितनी खरीदी जा चुकी है और कितनी लिफ्टिंग हो चुकी है और किसानों को उनकी फसलों की अदायगी समयबद्ध तरीके से की जा रही है उसकी भी जानकारी ली। इसी प्रकार उन्होने अम्बाला छावनी अनाज मंडी व नारायणगढ़ अनाज मंडी का दौरा करते हुए यहां पर गेहूं की आवक के साथ-साथ लिफ्टिंग की भी जानकारी ली। उन्होंने सम्बन्धित सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया कि गेहूं खरीद कार्य के साथ-साथ लिफ्टिंग का कार्य भी समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। सीजन में अधिकारियों को विशेष हिदायत पहले से दी हुई है कि वे उठान कार्य पर भी विशेष फोक्स रखें ताकि व्यापारियों व किसानेां को किसी प्रकार की समस्या न आए। उन्होने इस मौके पर आढ़तियों व किसानों से बातचीत करते हुए गेहूं की खरीद व उठान से सम्बन्धित जानकारी ली।


हैफड प्रबंध निदेशक ने इस मौके पर यह भी कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि गेहूं खरीद व उठान में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इस विषय में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।


इस मौके पर डीएम हैफड देवेन्द्र सिंह, सचिव दलेल सिंह, सचिव नीरज भारद्वाज, मंडी एसोसिएशन के प्रधान मक्खन गोयल, मंडी एसोसिएशन के प्रधान अजय गर्ग, आढती रोहित गर्ग, आढती संजीव गर्ग, मैनेजर विजय ढिल्लो के साथ-साथ सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Previous

नैशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, अम्बाला , नारायणगढ मे 10 मई 2025 को किया जाएगा

Next

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने राजौरी गार्डन शाहपुर में परशुराम भवन का किया शिलान्यास