20/02/26

चंडीगढ़ में आज से महकेगा 54वां रोज फेस्टिवल: 850 किस्मों के गुलाब और हेलीकॉप्टर राइड बनेगा आकर्षण का केंद्र, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी बानेगा

चंडीगढ़, 20 फरवरी (अन्‍नू): चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सुप्रसिद्ध रोज गार्डन में शुक्रवार से तीन दिवसीय वार्षिक 'रोज फेस्टिवल' का भव्य आगाज़ हो रहा है। शहर के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के पर्यटकों के लिए यह महोत्सव आकर्षण का बड़ा केंद्र रहता है, जिसका लोग साल भर बेसब्री से इंतज़ार करते हैं। इस 54वें संस्करण में गुलाब की 850 से अधिक दुर्लभ और खूबसूरत किस्में प्रदर्शित की जाएंगी। आयोजन की भव्यता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष करीब पांच लाख दर्शकों ने यहाँ दस्तक दी थी, और इस बार भी लाखों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। मेयर सौरभ जोशी ने तैयारियों का जायजा लेते हुए मुख्य मंच, पंडाल और स्टॉल्स को अंतिम रूप दिया है।


20 से 22 फरवरी तक चलने वाला यह उत्सव हर आयु वर्ग के लिए मनोरंजन का खजाना लेकर आया है। सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस मेले में 'मिस्टर रोज किंग' और 'रोज क्वीन' जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्पर्धाएं, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, लोक नृत्य और फोटोग्राफी जैसी कलात्मक गतिविधियाँ मुख्य आकर्षण रहेंगी। रोमांच के शौकीनों के लिए हेलीकॉप्टर राइड और हॉट एयर बैलून की सुविधा दी गई है, जबकि बच्चों के लिए विशाल झूलों का विशेष इंतजाम किया गया है।


बढ़ती भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष पार्किंग व्यवस्था और एडवाइजरी जारी की है। वाहनों को खड़ा करने के लिए पुलिस मुख्यालय के पीछे, सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय और हाउसिंग बोर्ड के पीछे, सेक्टर-16 रोज गार्डन की बैक साइड और सेक्टर-17 की मल्टीलेवल पार्किंग समेत करीब एक दर्जन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-17 स्थित होटल ताज, टीडीआई मॉल, नीलम थिएटर और नगर निगम कार्यालय के पास भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग के अलावा साइकिल ट्रैक, पैदल मार्ग या नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा।


ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1073 पर संपर्क करें। आयोजन के दौरान सेक्टर-16 की अंदरूनी सड़कों पर यातायात को डायवर्ट या प्रतिबंधित भी किया जा सकता है। सिटी ब्यूटीफुल का यह गौरवशाली महोत्सव न केवल फूलों की प्रदर्शनी है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।



#ChandigarhRoseFestival #RoseFest2026 #CityBeautiful #RoseGardenSector16 #ChandigarhEvents #TravelIndia #RoseFestivalChandigarh #TrafficAdvisory

Previous

अंबाला का 'झाड़ूमाजरा' बना मिसाल: सरकारी स्कूल की सूरत देख शिक्षा अधिकारी भी हैरान, प्रदेश के लिए घोषित किया 'रोल मॉडल'

Next

मौसम अलर्ट: हरियाणा में कड़ाके की रात और खिली धूप का डबल अटैक, पहाड़ों पर बर्फबारी और दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी