हरियाणा व आसपास राज्यों में लवणीय जलकृषि केंद्र स्थापित करने व रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने पर जोर : डॉ. अभिलक्ष लिखी
आरएस अनेजा, 08 अप्रैल नई दिल्ली
केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मत्स्य विभाग (डीओएफ) के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने आज हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश राज्यों में लवणयुक्त जल में झींगा मत्स्य पालन हेतु समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की ।
बैठक का उद्देश्य जलीय कृषि के लिए खारे भूमि संसाधनों की क्षमता का दोहन करना, रोजगार और आजीविका के अवसर पैदा करना था। लिखी ने लवणयुक्त जल के जलीय कृषि में अंतर्दृष्टि और जमीनी चुनौतियों और अंतराल के लिए हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसानों के साथ बातचीत की। उन्होंने लवणयुक्त जल के जलीय कृषि पर समीक्षा बैठक के मौके पर आईसीएआर- सीआईएफई, मुंबई में जलीय कृषि सुविधाओं और सजावटी मत्स्य पालन इकाई का भी दौरा किया।
लवणीय जलकृषि और झींगा पालन पर राज्य-विशिष्ट अपडेट
बैठक के दौरान, राज्य मत्स्य अधिकारियों ने अंतर्देशीय खारे और झींगा जलीय कृषि को बढ़ावा देने में स्थिति, प्रगति और प्रमुख चुनौतियों पर अपडेट प्रदान किए। उत्तर प्रदेश ने अंतर्देशीय लवणयुक्त जलीय कृषि की विशाल क्षमता पर प्रकाश डाला, जो मथुरा, आगरा, हाथरस और रायबरेली जैसे जिलों में 1.37 लाख हेक्टेयर को कवर करता है। इसमें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत महत्वपूर्ण पहल का समर्थन किया गया है। राजस्थान ने चूरू और गंगानगर जैसे लवण प्रभावित जिलों में झींगा पालन में बढ़ती गति की सूचना दी, जिसमें लगभग 500 हेक्टेयर पेनियस वन्नामेई, मिल्कफिश और पर्ल स्पॉट की खेती के लिए समर्पित है। इसके अतिरिक्त, पीएमएमएसवाई के तहत चूरू में एक डायग्नोस्टिक लैब स्थापित की गई है। पंजाब ने नीली क्रांति और पीएमएमएसवाई योजनाओं से बल पाकर श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में झींगा पालन के विस्तार में अपनी उपलब्धियों को साझा किया । हरियाणा ने लवणयुक्त जल की जलीय कृषि में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसने पीएमएमएसवाई के तहत 57.09 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 13,914 टन उत्पादन हासिल किया है। इसके अलावा, आईसीएआर-सीआईएफई ने खारे पानी की जलीय कृषि की उत्पादकता और स्थिरता को बढ़ाने के लिए मूल्यवान सर्वोत्तम प्रणालियों और तकनीकी जानकारियों को साझा किया।
हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लगभग 58,000 हेक्टेयर लवणयुक्त क्षेत्र की पहचान की गई है, फिर भी वर्तमान में केवल 2,608 हेक्टेयर का ही उपयोग किया जा रहा है। इन लवणयुक्त जल से प्रभावित क्षेत्रों को जलीय कृषि केंद्रों में बदलने की अपार संभावना है। ये लवणयुक्त जल से प्रभावित भूमि, जो अक्सर पारंपरिक कृषि के लिए अनुपयुक्त होती है, बंजर भूमि से संपदा भूमि में बदलने की अपार संभावना रखती है। भारत, वैश्विक स्तर पर संवर्धित झींगा का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक होने के नाते, अपने समुद्री खाद्य निर्यात मूल्य का 65 प्रतिशत से अधिक अकेले झींगा से अर्जित करता है। लवणयुक्त जल और झींगा जलीय कृषि में देश की विशाल संभावना के बावजूद, विशेष रूप से लवणयुक्त जल से प्रभावित क्षेत्रों में, अंतर्देशीय लवणयुक्त जल के जलीय कृषि संसाधनों का अभी भी काफी कम उपयोग हो रहा है।