रेवाड़ी की 'हाईटेक' जेल में सेंध: सीढ़ी के सहारे 20 फीट ऊँची दीवार फांदकर भागे दो साइबर ठग, पुलिस ने यूपी से दबोचा
हरियाणा/रेवाड़ी, 29 मार्च (अन्नू): हरियाणा के रेवाड़ी जिले में स्थित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 'हाईटेक' जेल की सुरक्षा व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब शुक्रवार को दो विचाराधीन बंदीु चकमा देकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते उनकी यह आजादी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई और 24 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस गंभीर लापरवाही के बाद जेल महानिदेशक (DG) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात जेल कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है, जिनमें पांच हेड वार्डर और दो वार्डर शामिल हैं।
फरार होने वाले बंदियों की पहचान 22 वर्षीय फैजान (रामपुर, यूपी) और 21 वर्षीय जाहिद (इटावा, यूपी) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में जेल में बंद थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच जेल के भीतर ही गहरी दोस्ती हुई थी और वे पिछले कई दिनों से भागने की योजना बना रहे थे। उन्होंने जेल के भीतर चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाया और वहां मौजूद लकड़ी की दो सीढ़ियों को आपस में जोड़कर एक लंबी सीढ़ी तैयार की। इसकी मदद से वे जेल की करीब 20 फीट ऊंची दीवार लांघने में कामयाब रहे। दीवार फांदने के बाद वे पास के खेतों से होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे पहुंचे और वहां से वाहन बदलकर सीधे उत्तर प्रदेश निकल गए।
जेल प्रशासन को इस फरारी का पता शुक्रवार शाम को नियमित गिनती के दौरान चला। जब दो बंदी कम पाए गए, तो पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सहायक जेल अधीक्षक मुश्ताक अहमद की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। एसपी हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों को खंगालना शुरू किया। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से पुलिस को उनकी लोकेशन का पता चला। शनिवार सुबह जाहिद को और देर शाम तक फैजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि फिदेड़ी स्थित यह नई जेल डिजिटल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक कंट्रोल रूम से लैस है। इसे भीड़भाड़ कम करने और सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से बनाया गया था। जेल के भीतर स्किल डेवलपमेंट और इंडस्ट्रियल वर्क एरिया जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बी. सतीश बालन ने खुद जेल का निरीक्षण किया और सुरक्षा खामियों की समीक्षा की। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि फरारी में किसी बाहरी मदद या अंदरूनी मिलीभगत की संभावना का पता लगाया जा सके।
#RewariJailBreak #HaryanaPolice #CyberThugs #JailSecurity #HighTechJail #BreakingNews #PoliceAction #PrisonEscape #DanikKhabar