ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने वार्ड सात में आयोजित चुनावी जनसभा में दिया जोरदार भाषण
अम्बाला, 23 फरवरी - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज देर शाम महेशनगर में वार्ड नंबर सात में भाजपा प्रत्याशी संजीव अत्री व अध्यक्ष पद प्रत्याशी स्वर्ण कौर के पक्ष में आयोजित जनसभा में जोरदार भाषण दिया व बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित किया
उन्होंने कहा कि टांगरी बांध पर आठ किलोमीटर लंबी सड़क बनाकर उन्होंने बाढ़ से बचाव किया, इसी सड़क किनारे लोगों ने घरों की छतों पर दुकानें बनाई और उन्हें लखपति बनाया, टांगरी बांध रोड से महेशनगर क्षेत्र के लोगों को आने-जाने की बेहतर सुविधा दी।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में विकास का रथ और तेजी से चले इसके लिए उन्हें नगर परिषद अम्बाला छावनी में प्रधान पद और 32 पार्षदों की जरूरत है। इसलिए आगामी नगर परिषद चुनाव में सभी भाजपा प्रत्याशियों को जिताए और उनके हाथों को मजबूती दें।