चंडीगढ़ की सुखना झील पर 27-28 मार्च को शानदार एयर शो, घर बैठे ऐप से ऐसे करें टिकट बुक
चंडीगढ़, 22 मार्च (अन्नू): चंडीगढ़ की प्रसिद्ध सुखना झील एक बार फिर भारतीय वायुसेना के जंगी जहाजों के हैरतअंगेज करतबों की गवाह बनने जा रही है। आगामी 27 और 28 मार्च को यहाँ 'सूर्य किरण एरोबेटिक टीम' द्वारा विशेष एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपायुक्त (DC) निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई, जिसमें वायुसेना, पुलिस, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डीसी ने इस आयोजन को चंडीगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि इससे न केवल शहर की पहचान मजबूत होगी, बल्कि बड़ी संख्या में पर्यटक भी आकर्षित होंगे।
प्रशासन ने आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। शो के दौरान सुखना झील के आसपास निजी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी, जिसके लिए शहर में सात अलग-अलग पिकअप और ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं। दर्शकों को लाने वाली बसों के लिए अंतिम समय सुबह 9 बजे तय किया गया है। बैठक में भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को समय पर अपनी कार्ययोजना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
वायुसेना के इस रोमांचक शो को देखने के लिए दर्शकों को एंट्री पास लेना अनिवार्य होगा। यह पास 24 मार्च से 'चंडीगढ़ टूरिज्म एप' पर उपलब्ध होंगे, जिसके लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। सुखना झील पर दर्शकों की क्षमता को देखते हुए प्रतिदिन केवल 10 हजार लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वायुसेना और प्रशासन के बीच तालमेल बिठाकर तकनीकी तैयारियों और रिहर्सल का खाका भी तैयार कर लिया गया है ताकि शहरवासी बिना किसी असुविधा के इस ऐतिहासिक पल का आनंद ले सकें।
#ChandigarhAirShow #SuryakiranAF #IndianAirForce #SukhnaLake #ChandigarhTourism #AirShow2026 #CityBeautiful #AviationLovers #SukhnaEvents #IAF #DanikKhabar