25/09/25

विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में अग्रसर है राजस्थान

एन.एस.बाछल, 25 सितम्बर, जयपुर।

उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री व जालौर जिला प्रभारी मंत्री के.के.विश्नोई और आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने बुधवार को जेवीवीएनएल के सहायक अभियंता कार्यालय भवन, भाद्राजून का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए  प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के आम नागरिक का जीवन पहले से सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि विगत 11 वर्षों में सुचारु हवाई यात्रा के लिए कुल 170 एयरपोर्ट का निर्माण, भारतमाला सड़क परियोजना के अंतर्गत अमृतसर-पचपदरा-जामनगर रिफाइनरी कॉरिडोर, वंदे भारत ट्रेन, जीएसटी रिफॉर्म के माध्यम से देश विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर हैं। 

प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर आ गई है तथा इस रफ्तार से आगामी वर्षों में जर्मनी को पछाड़कर तीसरे स्थान पर जा पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क निर्माण, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने हेतु निरंतर प्रगतिरत हैं। राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई अभिनव पहल राइजिंग राजस्थान के माध्यम से राज्य में उद्योगों का नवीनीकरण, विस्तार एवं रोजगार के क्षेत्र में वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने हेतु प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा हमारा कर्तव्य है कि विकास की इस ​गौरव विकास गाथा का सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर  सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान करें।

आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि भाद्राजून में सहायक अभियंता  कार्यालय के भवन का निर्माण होने पर विद्युत तंत्र सुदृढ़ होने के साथ ही ट्रांसफॉर्मर सहित अन्य सेवाएँ भाद्राजून में ही उपलब्ध हो सकेगी तथा स्थानीय लोगों की विद्युत समस्याओं का शीघ्रता से निस्तारण होगा।

 

इस अवसर पर डिस्कॉम एसई माधाराम सहित बड़़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। 

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #भाद्राजून #rajasthan

Previous

हाउस ऑफ लॉर्डस को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बने सुखविंद्र सिंह सुक्खू

Next

स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण में हिमाचल सरकार ने 24.44 करोड़ रुपये अतिरिक्त स्वीकृत किए