अंबाला: रिश्वत लेते वन विभाग का इंस्पेक्टर और साथी गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई
हरियाणा/अंबाला, 27 फरवरी (अन्नू): हरियाणा के अंबाला में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के वन्य जीव इंस्पेक्टर और उनके एक सहयोगी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले की शुरुआत सपहेड़ा-भीलपुरा निवासी संदीप कुमार की शिकायत से हुई। संदीप, जो एक सूअर फार्म संचालित करते हैं, ने आरोप लगाया कि वन्य जीव इंस्पेक्टर राकेश और उनके साथ जुड़े भरत नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें डरा-धमकाकर पैसों की मांग की थी। दरअसल, फार्म की जरूरतों के लिए संदीप ने कच्चा मांस स्टोर किया था, जिसे आधार बनाकर आरोपियों ने उन पर कार्रवाई करने का डर दिखाया और मामले को रफा-दफा करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता की सूचना पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से गुरुवार को वन विभाग के कार्यालय में दबिश दी। जैसे ही संदीप ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये भरत को सौंपे, पहले से तैयार बैठी एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
पूछताछ और मौके पर की गई कार्रवाई के दौरान एसीबी ने वन्य जीव इंस्पेक्टर राकेश को भी गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर संदीप के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई ने विभाग में हड़कंप मचा दिया है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
#AmbalaNews #ACB #HaryanaPolice #CorruptionFreeIndia #WildlifeDepartment #BribeCase #AntiCorruptionBureau #HaryanaNews