पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़-अमृतसर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच शुरू
पंजाब, 27 फरवरी (अन्नू): चंडीगढ़ और पंजाब एक बार फिर बम की धमकियों से थर्रा उठे हैं। ताजा घटनाक्रम में पंजाब सिविल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और चंडीगढ़-अमृतसर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी दी गई है। इस थ्रेट मेल के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर कई स्कूलों में छुट्टी कर बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। चंडीगढ़ पुलिस की बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वायड ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए प्रभावित इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, विवेक हाई स्कूल जैसे कुछ संस्थानों ने पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
धमकी भरे इस मेल में कनाडा पेंशन फंड को वापस करने जैसी बातें लिखी गई हैं। मेल में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि चंडीगढ़ 'खालिस्तान' है और अगले दो दिनों के भीतर शहर के विभिन्न हिस्सों सहित अमृतसर से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों को निशाना बनाया जाएगा। गौरतलब है कि यह धमकी ठीक उसी समय आई है जब कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं। मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी सीधे तौर पर टारगेट करने की बात कही गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल, मनीमाजरा के गुरुकुल भवन विद्यालय और कुंदन इंटरनेशनल सहित कई स्कूलों के नाम इस सूची में शामिल थे। जैसे ही ईमेल की सूचना फैली, अभिभावकों में डर का माहौल बन गया और वे आनन-फानन में अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे। यह इस साल की पहली घटना नहीं है; जनवरी से अब तक कई बार पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट, जिला अदालतों और दर्जनों स्कूलों को इसी तरह के फर्जी या धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। पुलिस अब इस साइबर हमले के पीछे के असली मास्टरमाइंड और सर्वर लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है ताकि बार-बार पैदा होने वाली इस दहशत पर लगाम लगाई जा सके।
#PunjabNews #ChandigarhAlert #SchoolSecurity #BombThreat #PunjabSecretariat #AmmritsarNews #HighAlert #SecurityUpdate #KhalistanAngle