23/06/25

जनसुनवाई बना सरकार और जनता के मध्य ‘सेतु’ मौके पर हो रहा परिवादियों की समस्याओं का हल

एन.एस. बाछल, 23 जून, जयपुर।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार‘जनसेवा ही संकल्प’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा नियमित रूप से की जा रही जनसुनवाई में जनता और सरकार के मध्य सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। जनसुनवाई में परिवादी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा रखते हैं तथा मुख्यमंत्री भी प्रत्येक परिवादी को आत्मीयता से सुनकर मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई जनसुनवाई में आमजन की परिवेदनाओं को व्यक्तिशः विस्तार से सुना तथा अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी परिवादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें, जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।

भूतपूर्व सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भेंट किया सिंदूर का पौधा

    जनसुनवाई के दौरान भूतपूर्व सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सिंदूर का पौधा भेंट किया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस एवं शौर्य के लिए सैन्य अधिकारियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को प्रदेश में कुश्ती खेल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सुझाव दिए, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में सकारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, कृषि, गृह, राजस्व, सिंचाई, परिवहन, पशुपालन, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, मनरेगा, ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों की आमजन से जुड़ी परिवेदनाओं को सुना और उनका मौके पर ही निस्तारण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

Previous

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए

Next

विधानसभा अध्यक्ष ने जर्मनी में किया योग, सनातन संस्कृति से बढ़ेगा विश्व बंधुत्व