कोलकाता: ED का ₹280 करोड़ से अधिक के बैंक फ्रॉड मामले में बड़ा एक्शन; 12 ठिकानों पर छापेमारी, ₹64 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज
कोलकाता, 8 सितंबर (अन्नू): प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कोलकाता जोनल ऑफिस-I ने ₹280 करोड़ से अधिक के बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, 'कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड' (KPPL) और उसके निदेशकों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत पश्चिम बंगाल भर में 12 ठिकानों पर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) द्वारा कलकत्ता की विशेष अदालत में दर्ज शिकायत और कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) के निर्देशों के आधार पर ईडी ने यह जांच शुरू की थी।
फर्जी बैंक खातों और शेल कंपनियों के जरिए फंड की हेराफेरी; जानें ED प्रेस रिलीज के मुख्य बिंदु:
झूठे दस्तावेज प्रस्तुत कर लिया कर्ज: ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि KPPL कंपनी और उसके निदेशकों ने झूठी जानकारी प्रस्तुत करने, खातों की किताबों में हेरफेर करने और बैंकों के कंसोर्टियम को गुमराह कर लोन की राशि स्वीकृत करवाई। बाद में कंपनी IBC के तहत लिक्विडेशन में चली गई, जिससे बैंकों को 97.5% का भारी नुकसान हुआ और सिर्फ ₹7 करोड़ ही रिकवर हो सके।
100 से अधिक शेल कंपनियां और फर्जी लेनदेन: कंपनी के प्रमोटरों विजय बोथरा और प्रशांत बोथरा द्वारा 100 से अधिक फर्जी (शेल) कंपनियों को नियंत्रित किया जा रहा था। फर्जी लेनदेन के जरिए फंड को प्रमोटरों, उनके परिजनों और डमी निदेशकों के नाम पर विदेश में निवेश करने व संपत्तियां खरीदने में डायवर्ट किया गया।
कोलकाता में मिली अचल संपत्तियां: जांच के दौरान कोलकाता और उसके आसपास अपराध की कमाई (Proceeds of Crime) से खरीदी गई दर्जनों अचल संपत्तियों का पता चला है, जिनसे प्रमोटर लगभग ₹26 लाख प्रति माह का किराया वसूल रहे थे।
₹64 करोड़ के बैंक खाते व वित्तीय शेयर फ्रीज: सर्च ऑपरेशन के दौरान 150 से अधिक शेल कंपनियों/व्यक्तियों के बैंक खातों के साथ-साथ म्यूचुअल फंड, शेयर और डेट सिक्योरिटीज को फ्रीज कर दिया गया है। इन वित्तीय संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग ₹64 करोड़ है।
डिजिटल साक्ष्य व दस्तावेज जब्त: ईडी की टीम ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक डिजिटल सबूत, वित्तीय दस्तावेज और प्रॉपर्टी पेपर्स जब्त किए हैं। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।
#ED #EDRaid #BankFraud #KohinoorPower #PMLA #WestBengalNews #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
मुंबई: रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस मामले में CBI का बड़ा एक्शन; 17 आरोपियों के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल
Next