सवाई माधोपुर पुलिस की दो नई पहल, अब थाने की जानकारी के लिए नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर : राजस्थान
एन.एस.बाछल, 24 सितम्बर, जयपुर।
आमजन की पुलिस तक पहुंच आसान बनाने और देश-विदेश से सवाई माधोपुर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए सवाई माधोपुर पुलिस की ओर से दो महत्वपूर्ण पहल शुरू की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि एक पहल जिले के सभी थानों से आमजन के सीधे संपर्क को आसान बनाने से जुड़ी है जबकि दूसरी पहल पर्यटकों की सहायता के लिए ऑल इंडिया टूरिस्ट हेल्पलाइन की है।
लंबित परिवाद और मुकदमों की जानकारी के लिए थाने के नंबर पर करें संपर्क—
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि जिले के सभी थानों पर सीयूजी एवं लैंडलाइन फोन उपलब्ध हैं। इन नंबरों को आमजन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा ताकि छोटी-छोटी जानकारी के लिए उन्हें बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।
यदि किसी व्यक्ति का कोई परिवाद या मुकदमा लंबित है और उसे उसकी स्थिति की जानकारी लेनी है अथवा उसे थानाधिकारी या जांच अधिकारी से संपर्क करना है या मामले से संबंधित कोई अन्य साक्ष्य उपलब्ध करवाना है तो वह संबंधित थाने के सीयूजी अथवा लैंडलाइन नंबर पर संपर्क कर सकेगा।
ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि इन नंबरों पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क किया जा सकेगा। उन्होंने आमजन से इन नंबरों को अपने पास सुरक्षित रखने की अपील की है।
थाने से उचित रिस्पॉन्स नहीं मिले तो जिला कंट्रोल रूम पर शिकायत—
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को थाने के सीयूजी या लैंडलाइन नंबर पर उचित रिस्पॉन्स नहीं मिलता है तो वह इसकी शिकायत जिला पुलिस के डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम नंबर 07462-222999 पर कर सकता है।
इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संपर्क को अधिक सुगम बनाना तथा सामान्य जानकारी एवं लंबित मामलों से संबंधित छोटी-छोटी जरूरतों के लिए लोगों की परेशानी कम करना है।
1 अक्टूबर से शुरू हो रहे ट्यूरिस्ट सीजन को देखते हुए टूरिस्ट पुलिस हेल्पलाइन—
सवाई माधोपुर पुलिस की दूसरी बड़ी पहल ट्यूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1 अक्टूबर से पर्यटन सीजन शुरू होने जा रहा है और देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक सवाई माधोपुर एवं रणथंभौर पहुंचते हैं।
कई बार पर्यटकों को सवाई माधोपुर पहुंचने, पर्यटन स्थलों की जानकारी लेने या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी होती है। इसके अलावा सफारी बुकिंग, होटल बुकिंग अथवा अन्य मामलों में धोखाधड़ी की स्थिति भी सामने आ सकती है। ऐसी परिस्थितियों में पर्यटक सीधे 07462-251251 पर संपर्क कर सकेंगे।
सवाई माधोपुर आने से पहले भी ले सकेंगे जानकारी—
ज्येष्ठा मैत्रेयी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की सवाई माधोपुर आने की योजना है और उसे यह जानकारी नहीं है कि यहां कैसे पहुंचना है, कहां जाना है या किसी अन्य विषय को लेकर कोई शंका है तो वह ट्यूरिस्ट हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है। पुलिस की ओर से आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि इन दोनों पहलों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि आमजन के साथ-साथ देशभर से सवाई माधोपुर आने वाले पर्यटक भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
उत्तर प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ; लखनऊ के साथ गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में भी सेवा की शुरुआत
Next