पठानकोट में बड़ा प्रदर्शन: मांगों को लेकर 200 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज बिजली टावर पर चढ़े दो किसान, पिछले 24 घंटे से डटे
पंजाब , 26 अगस्त (अभिकान्त) : पंजाब के पठानकोट में शाहपुरकंडी बैराज प्रोजेक्ट से जुड़े मुआवजे और रोजगार की मांगों को लेकर दो बुजुर्ग किसान 200 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज बिजली टावर पर चढ़ गए हैं। डीसी निवास के पास बने इस टावर पर डैम बैराज औसती संघर्ष कमेटी के सदस्य कुलविंदर सिंह (81) और शरम सिंह (85) मंगलवार सुबह 11 बजे से धरने पर बैठे हैं।
24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों ने नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया है। स्थिति यह है कि टावर पर ही रहने के कारण उन्हें नीचे से रस्सी के जरिए खाना पहुंचाया जा रहा है और वे पन्नी में ही अपनी जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारी किसानों का मुख्य आरोप है कि शाहपुरकंडी बैराज प्रोजेक्ट के लिए वर्ष 1992 में उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया था। उस समय प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजे के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया था। लेकिन, लंबा समय बीत जाने के बाद भी कई पात्र परिवारों को रोजगार नहीं मिला, जिसके चलते विस्थापित परिवार पिछले करीब 35 वर्षों से लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
संघर्ष कमेटी के प्रधान दयाल सिंह ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की मिलीभगत के कारण पात्र लोगों की अनदेखी की गई और एक-एक मरले जमीन वाले लोगों को भी गलत तरीके से नौकरियां दे दी गईं। कमेटी का यह भी कहना है कि 1993 के इंतकाल के आधार पर जिन 32 कर्मचारियों की नियुक्तियों को जांच के बाद टर्मिनेट कर दिया गया था, उन्हें बाद में अधिकारियों की कथित साठगांठ से फिर से बहाल कर दिया गया।
इसके अलावा, 31 मई 2019 को तत्कालीन एसडीएम धार की रिपोर्ट में 50 ऐसे मामलों का खुलासा हुआ था, जिन्होंने गलत तरीके से रोजगार हासिल किया था। कमेटी इन तमाम मामलों की उच्च स्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पात्र परिवारों को उनका हक देने की मांग पर अड़ी है।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासन की टीम लगातार दोनों बुजुर्ग किसानों को सुरक्षित नीचे उतारने और समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, किसानों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की तरफ से कोई ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे टावर से नीचे नहीं उतरेंगे। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और विवाद के समाधान के लिए प्रयास कर रहा है।
#PathankotNews #PunjabNews #FarmersProtest #ShahpurkandiBarrage #HighVoltageTower #DanikKhabar #Protest
Previous
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर सितंबर में 15 दिन का ब्लॉक, ट्रेनों के संचालन में होगा बदलाव
Next