दिल्ली में मानसून के बाद सड़कों की मरम्मत की तैयारी: PWD ने जारी किए टेंडर, 1400 किमी सड़क नेटवर्क होंगे दुरुस्त
नई दिल्ली , 29 जुलाई (अभिकान्त) : राजधानी में मानसून के दौरान और उसके बाद सड़कों व फुटपाथों को होने वाले नुकसान की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अपनी तैयारियां तेज़ कर दी हैं। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और बुनियादी ढाँचों को दुरुस्त करने के लिए PWD के विभिन्न डिवीजनों ने मरम्मत कार्यों के टेंडर जारी कर दिए हैं।
इन टेंडर प्रक्रियाओं के तहत बारिश से क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की री-सरफेसिंग, टूटे हुए फुटपाथों की मरम्मत, सेंट्रल वर्ज की बहाली तथा सड़क किनारे उखड़े या टूटे कर्ब स्टोन (पत्थरों) को फिर से लगाने का कार्य किया जाएगा। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य बारिश के मौसम में भी दिल्ली के यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है।
लोक निर्माण विभाग दिल्ली में लगभग 1,400 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क, करीब 3,000 किलोमीटर लंबे फुटपाथों और 1,000 किलोमीटर से अधिक सेंट्रल वर्ज के रख-रखाव की जिम्मेदारी संभालता है। मानसून के दौरान सबसे अधिक नुकसान इन्हीं परिसंपत्तियों को पहुँचता है, जिससे दुर्घटनाओं और जाम का खतरा बढ़ जाता है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी डिवीजनों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में नियमित निरीक्षण (Regular Inspection) करने और क्षतिग्रस्त स्थानों की पहचान कर तुरंत मरम्मत शुरू करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। PWD का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जलभराव, गड्ढों और टूटे फुटपाथों के कारण वाहन चालकों व पैदल यात्रियों को होने वाली असुविधा को खत्म किया जा सके।
#DelhiNews #PWDDelhi #DelhiRoads #MonsoonRepair #InfrastructureDelhi #DelhiTraffic #DelhiPWD #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar
Previous
कांवड़ मेला 2026: दिल्ली-शामली MEMU ट्रेन का हरिद्वार तक विस्तार; श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
Next