29/07/26

चंडीगढ़ नगर निगम की F&CC बैठक आज: डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर प्रदूषण मॉनिटरिंग सिस्टम और विकास कार्यों के 16 एजेंडों पर लगेगी मुहर

चंडीगढ़ , 29 जुलाई (अभिकान्त) : चंडीगढ़ नगर निगम (MC) की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) की 364वीं बैठक आज सुबह 11:30 बजे सेक्टर-17 स्थित निगम कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगी। इस बैठक में शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने से जुड़े करीब 16 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तृत चर्चा के बाद प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

बैठक का एक प्रमुख एजेंडा वार्ड नंबर-23 के पार्कों में बने बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट का पुनर्विकास करना है। करीब 15.31 लाख रुपए की अनुमानित लागत से यहाँ इंटरलॉकिंग स्पोर्ट्स टाइल्स बिछाई जाएंगी तथा नए नेट, पोल और फेंसिंग लगाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-35सी की ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण व लैंडस्केपिंग और गांव कैंबवाला में नया गहरा बोर ट्यूबवेल लगाने के संशोधित प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।

नागरिक सुविधाओं में सुधार के तहत गांव खुड्डा लाहौरा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 मिमी व्यास की नई सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव पेश होगा। वहीं सेक्टर-31डी के मकान नंबर 3001 से 3016 तक कम पानी के दबाव (Low Water Pressure) की समस्या को समाप्त करने के लिए बूस्टर से नई डीआई वाटर सप्लाई लाइन बिछाने की योजना को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।

पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैठक में डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS) और ऑनलाइन कंटीन्यूअस एफ्लुएंट मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा होगी। इन आधुनिक प्रणालियों के लगने से क्षेत्र में प्रदूषण की रियल-टाइम निगरानी व्यवस्था बेहद प्रभावी हो जाएगी।

इन अन्य विकास कार्यों पर भी लगेगी मुहर

  • पार्कों का सुंदरीकरण व मरम्मत: सेक्टर-46, सेक्टर-23, सेक्टर-39बी और धनास स्थित पार्कों की आवश्यक मरम्मत की जाएगी।

  • ओपन जिम व झूले: सेक्टर-2, 3, 4, 7, 8 और 9 के पार्कों में एमएस रेलिंग, टो-वॉल और गेट की पेंटिंग कराने के साथ-साथ ओपन जिम व बच्चों के नए झूले लगाए जाएंगे।

  • पेवर ब्लॉक व बुनियादी निर्माण: सेक्टर-56 ईडब्ल्यूएस (EWS) कॉलोनी में पेवर ब्लॉक बिछाने, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 की वी-4 रोड पर पेवर ब्लॉक ठीक कराने तथा गांव हलोमाजरा में नई गलियों का निर्माण कराने पर सहमति बनेगी।

  • पार्षद कार्यालय: सेक्टर-33 स्थित कम्युनिटी सेंटर में पार्षद कार्यालय हेतु आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा।

#ChandigarhNews #ChandigarhMC #FCCMeeting #DadumajraDumpingGround #ChandigarhDevelopment #UrbanGovernance #AmbalaNews #DanikKhabar

Previous

दिल्ली में मानसून के बाद सड़कों की मरम्मत की तैयारी: PWD ने जारी किए टेंडर, 1400 किमी सड़क नेटवर्क होंगे दुरुस्त

Next

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर राष्ट्रपति भवन में पांच स्मृति पुस्तकें जारी की गईं