ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भिवानी की मुक्केबाज प्रीति पंवार पदक से एक जीत दूर; क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

अभिकान्त, 27 जुलाई हरियाणा : स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 में हरियाणा की युवा मुक्केबाज प्रीति पंवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। भिवानी जिले के बड़ेसरा गांव की रहने वाली उभरती स्टार मुक्केबाज प्रीति पंवार अब राष्ट्रमंडल खेलों में पदक हासिल करने से महज एक जीत दूर हैं। महिला 54 किलोग्राम भार वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रीति ने मलावी की मुक्केबाज डेबोरा मतेनजे को दूसरे राउंड में ही रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट (RSC) के जरिए एकतरफा अंदाज में मात देकर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया।

मुकाबले की शुरुआत से ही प्रीति ने अपने आक्रामक तेवर दिखाए। पहली घंटी बजते ही उन्होंने लगातार तेज, सटीक और दमदार पंचों से प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बना ली और पूरे मैच में दबाव बनाए रखा। मलावी की मुक्केबाज प्रीति के तेज हमलों का सामना करने में असमर्थ नजर आईं। दूसरे राउंड में मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा होते देख रेफरी ने बीच में ही बाउट रोक दी और प्रीति को तकनीकी आधार पर विजेता घोषित कर दिया।

अगला मुकाबला नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड से क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अब प्रीति पंवार का सामना नॉर्दर्न आयरलैंड की धाकड़ मुक्केबाज निकोल क्लाइड से होगा। इस क्वार्टर फाइनल मैच में जीत दर्ज करते ही प्रीति का राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पदक पक्का हो जाएगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले को लेकर बड़ेसरा गांव सहित पूरे हरियाणा और देशवासियों की निगाहें प्रीति पंवार के अगले पंच पर टिकी हुई हैं।

#CWG2026 #PreetiPanwar #Boxing #BhiwaniNews #HaryanaSports #CommonwealthGames #Glasgow2026 #HaryanaNews #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar

Previous

भिवानी: गो हत्या पर रोक और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग; प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय के बाहर किया हनुमान चालीसा का पाठ

Next

रेवाड़ी जेल में बंद साइबर ठगी के आरोपी की इलाज के दौरान मौत: सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में तोड़ा दम