अमृतसर से हब एंड स्पोक इंटरनेशनल फ्लाइट ऑपरेशन शुरू
आरएस अनेजा, 28 जुलाई नई दिल्ली - नागर विमानन मंत्रालय ने आज अमृतसर से हब एंड स्पोक अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन सुविधा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही यह देश का दूसरा ऐसा हवाई अड्डा बन गया है जो अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के आवागमन के लिए भारत के प्रारंभिक हब एंड स्पोक फ्रेमवर्क में शामिल हुआ है।
यह भारत को वैश्विक विमानन केंद्र में बदलने की सरकार की रणनीति का अगला चरण है जिसके अंतर्गत भारत के ऐसे हवाई अड्डों के माध्यम से देश भर के यात्रियों को निर्बाध तरीके से अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए संपर्क सुविधा दी जाएगी।
इससे पहले, 25 जून 2026 को वाराणसी में भारत के प्रथम हब एंड स्पोक ऑपरेशन का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया था। विगत एक महीने में इस प्रणाली ने सुचारू रूप से काम किया है जिससे यह पता चला कि यह मॉडल कितना सफल है और यात्रियों से भी इसके संबंध में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इस दौरान, वाराणसी से आने वाले यात्रियों को दिल्ली से होकर अठारह अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से आसानी से जोड़ा गया। इससे सिद्ध हुआ कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा को आसान बनाने में यह पहल कितनी प्रभावशाली है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस अवसर पर वीडियो संदेश के माध्यम से अमृतसर हवाई अड्डे पर उपस्थित सभी हितधारकों को बधाई देते हुए कहा, “हब एंड स्पोक केवल विमानन के संचालन का मॉडल नहीं है बल्कि यह एक शानदार अवसर है। इसके लिए दिल्ली केंद्र के तौर पर काम करेगा जबकि अमृतसर पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार बनेगा। अमृतसर उन भारतीय शहरों में से एक है जिन्हें प्रवासी भारतीयों से अपने मज़बूत संपर्क और बड़ी क्षेत्रीय जनसंख्या को आकर्षित करने के साथ उन्हें विश्व से जोड़ने के लिए इस बदलाव से सबसे अधिक लाभ होगा।”
अमृतसर भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वारों में से एक है, जो तीर्थयात्रियों, प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों, व्यापार संबंधी यात्रियों और पंजाब और आस-पास के क्षेत्रों के पर्यटकों को सेवा प्रदान करता है। आशा व्यक्त की जा रही है कि हब एंड स्पोक फ्रेमवर्क में इसके शामिल होने से भारतीय केंद्र के माध्यम से वैश्विक गंतव्यों तक पहुंच में बहुत सुधार होगा और साथ ही यात्रियों को तेज़, अधिक सुविधाजनक और यात्रा का वह अनुभव मिलेगा जिसके बारे में पहले से जानकारी होगी।
Previous
रक्षा मंत्री ने आईसीजी कर्मियों और उनके परिवारों के लिए ऐतिहासिक नीतिगत सुधारों का अनावरण किया
Next