रेवाड़ी जेल में बंद साइबर ठगी के आरोपी की इलाज के दौरान मौत: सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
अभिकान्त, 27 जुलाई हरियाणा : रेवाड़ी की जिला जेल में बंद करीब 40 वर्षीय एक हवालाती (अंडरट्रायल कैदी) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के कोल्हापुर निवासी राहुल राजेन्द्र कदम के रूप में हुई है, जिसे रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने हाल ही में शेयर मार्केट के नाम पर हुई लाखों रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। सोमवार सुबह जेल में अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच और प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के सेक्टर-3 निवासी विनोद कुमार ने साइबर थाने में ₹14.45 लाख की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से खुद के और अपनी पत्नी के बैंक खातों से लाखों रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। ठगों ने उनके ऐप वॉलेट में करीब ₹49.50 लाख का फर्जी मुनाफा दिखाया, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालनी चाही तो उनसे कुल पूंजी का 10 प्रतिशत और जमा करने की मांग की गई।
मामले की जांच करते हुए रेवाड़ी साइबर पुलिस ने पहले मध्य प्रदेश के रीवा निवासी प्रद्युमन मिश्रा व संदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के आधार पर 24 जुलाई को पुलिस ने महाराष्ट्र से संतोष मधुसूदन नार्वेकर और बैंक खाते मुहैया कराने वाले मुख्य आरोपी राहुल राजेन्द्र कदम को गिरफ्तार किया था। अदालत के आदेश पर 25 जुलाई को उसे जेल भेजा गया था।
सदर थाना एसएचओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। प्राथमिक दृष्टि से यह मामला दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और न्यायिक प्रक्रियाओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के पहुंचने के बाद ही हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि रेवाड़ी जेल पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। इससे पूर्व साइबर ठगी के दो आरोपियों के दीवार फांदकर फरार होने और कैदियों द्वारा धतूरे के बीज खाने से तबीयत बिगड़ने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
#RewariNews #RewariJail #CyberCrime #HaryanaNews #DANIKkhabar #RewariPolice #CyberFraud #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar
Previous
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भिवानी की मुक्केबाज प्रीति पंवार पदक से एक जीत दूर; क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
Next