भिवानी: गो हत्या पर रोक और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग; प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय के बाहर किया हनुमान चालीसा का पाठ
अभिकान्त, 27 जुलाई हरियाणा : भिवानी में सोमवार को गो रक्षा और सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों तथा साधु-संतों द्वारा 'गो सम्मान अभियान' के तहत एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग देश भर में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गाय को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने की है। इस दौरान शहर में गोवंशों के साथ एक भव्य जागरूकता यात्रा निकाली गई, जिसकी अगवाई एक नंदी ने की।
यह यात्रा संतों के सानिध्य में भिवानी के प्रेक्षा विहार से शुरू होकर घंटाघर, हांसी गेट और पुराना बस स्टैंड जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए लघु सचिवालय पहुंची। लघु सचिवालय के बाहर जब प्रशासनिक अधिकारी ज्ञापन लेने में देरी से पहुंचे, तो रोषित गोभक्त और संत-महात्मा मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। शुरुआत में ज्ञापन लेने पहुंचे नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने से मना कर दिया गया, जिसके बाद नगर मजिस्ट्रेट (CTM) अनिल कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन स्वीकार किया।
गो रक्षा दल के प्रदेश प्रधान संजय परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गो सेवा और सम्मान के लिए देश भर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इससे पूर्व 27 अप्रैल को भी ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें देशभर से 5 करोड़ हस्ताक्षर जुटाए गए थे। इस बार पूरे भारत में 15 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें भिवानी जिले के लिए निर्धारित 5 लाख के लक्ष्य को पार करते हुए 5 लाख 3 हजार लोगों के हस्ताक्षर युक्त पत्र अधिकारियों को सौंपे गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इन मांगों पर संज्ञान नहीं लिया, तो आने वाले समय में साधु-संत भूख हड़ताल और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
भिवानी के प्रसिद्ध जहरगिरी आश्रम के महंत अशोक गिरी महाराज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं है, बल्कि उसमें देवी-देवताओं का वास है। जिस भूमि पर गो-रक्त गिरता है, वहां तरह-तरह के कष्ट, प्राकृतिक आपदाएं और बीमारियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें चुनाव के समय गाय की सेवा और संरक्षण के वादे करके वोट मांगती हैं, लेकिन बाद में अपनी घोषणाओं को भूल जाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन का दूसरा चरण था और यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो पांचवें चरण तक व्यापक स्तर पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
#BhiwaniNews #GauRaksha #GauSammanAbhiyan #HaryanaNews #BhiwaniProtest #GauMata #HanumanChalisa #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar
Previous
पठानकोट नगर निगम कमिश्नर को मिली बम से उड़ाने की धमकी: 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के ईमेल से मचा हड़कंप
Next