ब्राजील 3-0 की धमाकेदार जीत से राउंड ऑफ 32 में पहुंचा
आरएस अनेजा, 25 जून नई दिल्ली - फीफा वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मुकाबलों में ब्राजील, मैक्सिको, स्विट्जरलैंड और मोरक्को ने अपने-अपने मैचों में धमाकेदार जीत दर्ज कर राउंड ऑफ 32 में जगह पक्की कर ली है। ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से और मैक्सिको ने चेक रिपब्लिक को इसी अंतर से मात दी, जबकि स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 और मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया। इन मैचों के नतीजों के बाद कनाडा, साउथ अफ्रीका और अन्य ग्रुप के समीकरणों के चलते बोस्निया-हर्जेगोविना की टीम भी नॉकआउट स्टेज में पहुंचने में सफल रही।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप सी मुकाबले में मोरक्को ने शानदार वापसी करते हुए हैती को 4-2 से हराया। इस जीत के साथ ही मोरक्को ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। मोरक्को की राउंड ऑफ 32 में ग्रुप एफ में पहले स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ंत होगी। इस हार के साथ ही हैती का नॉकआउट स्टेज में पहुंचने का सपना भी टूट गया है। इस मुकाबले में हैती की टीम बिना किसी दबाव के मैदान में उतरी और टीम ने 10वें मिनट में ही पहला गोल करके हर किसी को चौंका दिया। जीन-केविन डुवर्न के शानदार पास पर लेनी जोसेफ ने बेहतरीन बैकहील फ्लिक लगाई और गेंद मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो से टकराकर गोल पोस्ट में चली गई। यह 1974 के बाद वर्ल्ड कप में हैती का पहला गोल था, जिसने हैती टीम के फैंस को झूमने का मौका दिया। मोरक्को ग्रुप सी में 3 मुकाबलों में 7 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रही।
स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराया
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप बी मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कनाडा को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ ही स्विट्जरलैंड ने ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। हार के बावजूद कनाडा की टीम भी नॉकआउट स्टेज में पहुंचने में सफल रही है। बीसी प्लेस स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों ही टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। स्विट्जरलैंड और कनाडा की टीम ने कई मौके बनाए, लेकिन पहले हाफ में किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। दोनों ही टीमों का डिफेंस शुरुआती 45 मिनटों में बेहद मजबूत दिखाई दिया।
ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से रौंदा
ब्राजील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने दो गोल दागे, जबकि मैथियस कुन्हा ने एक गोल किया। इस मुकाबले में नेमार की लंबे समय बाद ब्राजील की टीम में वापसी हुई। ब्राजील ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और स्कॉटलैंड पर लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के छठे मिनट में ही ब्राजील ने 1-0 की बढ़त हासिल की। स्कॉटलैंड के डिफेंस से हुई गलती का फायदा उठाते हुए विनीसियस जूनियर ने शानदार गोल दागा। विनीसियस ने यह टूर्नामेंट का अपना चौथा गोल दागा और वह इस गोल के साथ ही गोल्डन बूट की रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने किलियन एम्बाप्पे और एरलिंग हालैंड की बराबरी कर ली है।
Next