लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती के उपलक्ष्य में नारायणगढ़ में निकला यूनिटी मार्च।
जे कुमार, अम्बाला 21 नवम्बर - लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नारायणगढ़ में भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर मुख्यतिथि पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, भाजपा जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीपीओं नारायणगढ़ जोगेश कुमार, बीडीपीओं शहजादपुर शबनम रेलन, मण्डल प्रधान जगदीप कौर, विक्रम राणा शहजादपुर, धर्मवीर गुर्जर, मेरा युवा भारत के मनोनीत सदस्य अरपित अग्रवाल तथा प्रिंसीपल राजिन्द्र कौर (बीईओं कार्यभार) आदि ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। यह आयोजन मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) भारत सरकार एवं प्रशासन के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल केवल भारत के पहले गृहमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के वास्तुकार थे। उन्होंने 562 रियासतों को एक धागे में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। आज यदि हम एक मजबूत, संगठित और संयुक्त भारत में सांस ले रहे हैं, तो इसका श्रेय लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता, नेतृत्व और राष्ट्रनिष्ठा को जाता है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यपरायणता और अनुशासन का संदेश आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस, शहीद भगत सिंह, वीर सावरकर, झांसी की रानी लक्ष्मी बाई तथा महाराण प्रताप जैसे महापुरूषों एवं क्रांतिकारी वीरों की जीवनीयों को पढ कर उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के भारत में युवाओं की भूमिका केवल दर्शक की नहीं, बल्कि नेतृत्व की है। अमृतकाल में प्रवेश कर चुका हमारा राष्ट्र विश्व शक्ति बनने के मार्ग पर अग्रसर है और इस यात्रा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। आज का यह यूनिटी मार्च केवल आयोजन नहीं, बल्कि हमारे संकल्प, चरित्र और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने को लेकर काम कर रहे है जिसमें सभी लोगों का सहयोग हो। हम सभी लोग अपने देश में निर्मित वस्तुओं यानि स्वदेशी सामान का प्रयोग करें और देश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान दें।
उन्होंने प्रतिभागियों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में विश्वास, सहयोग, भाईचारे और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नशे की रोकथाम एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलवाई।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विवेक गुप्ता ने कहा कि युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जब युवा देश के लिए सोचते और आगे बढ़ते हैं, तो राष्ट्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। यूनिटी मार्च जैसी गतिविधियों से समाज में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रभावना मजबूत होती है।
आयोजन का उद्देश्य
मेरा युवा भारत के सैक्शन ऑफिसर सनी सिंह ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, जागरूकता, जिम्मेदारी और एकता की भावना को सशक्त करना है। इस यूनिटी मार्च में विद्यार्थी, एनएसएस-एनसीसी कैडेट, पार्षद, सरपंच, भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने बढ़.चढक़र हिस्सा लिया। यूनिटी मार्च के दौरान देशभक्ति नारों और तिरंगे झंडों ने पूरे शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। इस यूनिटी मार्च को डॉ. पवन सैनी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया और इसमें पैदल यात्रा की जोकि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक, हुड्डा सेक्टर, हुसैनी रोड से होते हुए पुन: विद्यालय परिसर में पहुंचकर सम्पन्न हुई। जब यूनिटी मार्च नेता जी सुभाष चन्द्र बोस चौंक पर पहुंचा तो सभी ने रूक कर नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा को नमन कर आगे बढे।
इस अवसर पर रविन्द्र आर्य, प्राध्यापक संजीव कोचर ने भी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डाला तथा स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसवीन्द्र सिंह बख्तुआ, मण्डल प्रधान हरजिन्द्र पाल, पार्षद सुरजीत सिंह मक्कड, संजीव कौशिक, जश्र ढींगरा, पवन गुर्जर, रणधीर सिंह, बीडीसी मैम्बर दीपचंद सैनी, मदन चानना, अश्वनी अग्रवाल, कुलदीप सिंह, मंजू कौशिक, हैप्पी शर्मा तथा सहायक अनुराग यादव सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
#ambala #news #narayangarh #unity-march #iron-man-sardar-vallabhbhai