धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच इंडिगो की सीधी हवाई सेवा 1 सितंबर से होगी बहाल, हफ्ते में चार दिन भरेगी उड़ान
हरियाणा , 30 अगस्त (अभिकान्त) : हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच इंडिगो की सीधी हवाई सेवा 15 दिन के अंतराल के बाद 1 सितंबर से फिर से शुरू होने जा रही है, जिसके लिए कंपनी ने नया शेड्यूल जारी कर दिया है। यह उड़ान अब सप्ताह में चार दिन संचालित की जाएगी।
जारी शेड्यूल के अनुसार, विमान हर सप्ताह सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को उड़ान भरेगा। यह फ्लाइट गगल एयरपोर्ट, धर्मशाला से दोपहर 1:10 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी, जबकि चंडीगढ़ से धर्मशाला के लिए वापसी उड़ान का समय दोपहर 2:45 बजे निर्धारित किया गया है।
इस हवाई सेवा के बहाल होने से कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को चंडीगढ़ के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इस रूट पर हवाई किराए की संभावना 3500 से 4000 रुपए के बीच रहने की उम्मीद है, हालांकि किराए में बदलाव यात्रा की तारीख और सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
यह सेवा उन यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी जो चंडीगढ़ के रास्ते दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अन्य बड़े शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेते हैं। उड़ान बंद रहने के दौरान यात्रियों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ जाती थीं। धर्मशाला-कांगड़ा आने वाले पर्यटकों के लिए चंडीगढ़ एक मुख्य कनेक्टिविटी प्वाइंट है, ऐसे में इस सीधी उड़ान के शुरू होने से स्थानीय होटल, टैक्सी और समग्र पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
#HimachalNews #Dharamsala #Chandigarh #IndigoAirlines #GaggalAirport #TourismHaryana #DanikKhabar
Previous
नीट-पीजी 2026: देश भर में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न, जयपुर केंद्र पर प्रभावित अभ्यर्थियों की री-एग्जाम 5 सितंबर को
Next