अंबाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों, भगोड़ों और इनामी बदमाशों पर कसा शिकंजा
अम्बाला , 09 सितंबर (अभिकान्त) : अंबाला में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए अंबाला पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत के कुशल नेतृत्व में जनवरी 2026 से अगस्त 2026 के बीच अवैध हथियार तस्करों, घोषित अपराधियों (PO), बेल जंपर्स और इनामी बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी सफलता हासिल की गई है।
इस 8 माह के अभियान के दौरान अवैध हथियार रखने के कुल 34 मामले दर्ज किए गए, जिनमें त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 53 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 पिस्टल, 15 देसी कट्टे, 8 मैगजीन तथा भारी मात्रा में कारतूस और खोल बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त वारदातों में इस्तेमाल होने वाले चाकू और गंडासी जैसे धारदार हथियार भी जब्त किए गए हैं।
अवैध हथियारों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 34 घोषित अपराधियों (पी.ओ.), 110 बेल जंपर्स और 5 इनामी बदमाशों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अंबाला पुलिस का मजबूत सूचना तंत्र पूरे जिले में सक्रिय है, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि अंबाला वासियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गैर-कानूनी गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत अंबाला पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
#AmbalaNews #AmbalaPolice #AjeetSinghShekhawat #CrimeControl #HaryanaPolice #AmbalaUpdates #DanikKhabar
Previous
दैनिक खबर पर प्रतिदिन देखें भगवद् गीता का एक श्लोक व्याख्या सहित। आज अध्याय 2 : श्लोक 68
Next