आगरा: रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार; MP से लाया जा रहा 7,000 लीटर मिलावटी दूध नष्ट, मावा सीज
आगरा, 27 अगस्त (अन्नू): रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। त्योहार से ठीक पहले शहर में मिलावटी दूध, मावा और कृत्रिम पनीर की आवक रोकने के लिए विभाग की टीमों ने बुधवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश से लाया जा रहा 7,000 लीटर मिलावटी दूध नष्ट कराया गया, वहीं फतेहाबाद से भारी मात्रा में मिलावटी मावा सीज किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों पर मिठाई या दूध-मावा खरीदते समय सतर्क रहें और जांच-परखकर ही खरीदारी करें।
तड़के 4 बजे सैंया टोल प्लाजा पर कार्रवाई; कई नामी दुकानों से लिए गए सैंपल:
सैंया टोल प्लाजा पर कार्रवाई: बुधवार सुबह करीब 4 बजे FSDA की टीम ने सैंया टोल प्लाजा पर मध्य प्रदेश के मुरैना से आ रहे दूध के टैंकर को रोका। चालक रामनिवास कोई वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सका। टीम ने सैंपल लेकर करीब ₹1.75 लाख कीमत का 7,000 लीटर मिलावटी दूध मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
फतेहाबाद में मावा जब्त: नाथूपुर (फतेहाबाद) स्थित श्री श्यामू सिंह के प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर टीम ने 145 किग्रा मिलावटी मावा और 52 किग्रा वनस्पति जैसा संदिग्ध पदार्थ सीज किया।
प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों पर छापेमारी:
खंदारी: बीकानेर स्वीट्स से घेवर और मेवा बाटी का सैंपल।
तोता का ताल: नीरज डेरी से घी का नमूना।
किशोरपुरा: केदारी डेरी से घेवर का सैंपल।
अछनेरा: लाल सिंह हलवाई के यहां से मावा लड्डू का नमूना।
16 सैंपल लैब भेजे गए: सहायक आयुक्त (खाद्य) महेंद्र प्रताप ने बताया कि दिनभर चले अभियान में कुल 16 सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। त्योहार पर मांग 40 से 55 फीसदी बढ़ने के कारण मुरैना (MP) और राजाखेड़ा-धौलपुर (राजस्थान) से बड़े पैमाने पर मिलावटी सामान की सप्लाई की कोशिश की जाती है, जिस पर विभाग की पैनी नजर है।
#AgraNews #UPNews #FSDACrackdown #AdulterationCheck #FoodSafety #AgraPolice #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
दिल्ली: बढ़ती कीमतों पर नकेल; 35 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा रियायती प्याज
Next