अमेरिका में करनाल के 20 वर्षीय इकलौते बेटे की हार्ट अटैक से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जे कुमार निसिंग (करनाल), 18 जून 2026: उपमंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के एक युवा की अमेरिका (कैलिफोर्निया) में दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से असामयिक मृत्यु होने का अत्यंत दुखद समाचार मिला है। मृतक की पहचान शेखुपुरा मंचुरी गांव निवासी 20 वर्षीय सुपनदीप सिंह के रूप में हुई है। इकलौते कमाऊ बेटे की अचानक मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
कमरे का दरवाजा तोड़कर निकाला शव
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सुपनदीप सिंह अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक स्टोर पर नाइट शिफ्ट में काम करता था। मंगलवार सुबह वह अपनी ड्यूटी खत्म कर कमरे पर लौटा और अपनी मां से फोन पर बात कर खाना खाकर सोने की बात कही थी।
दोपहर के समय जब उसके साथी उसे जगाने पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक खटखटाने और फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दोस्तों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर सुपनदीप बेसुध हालत में पड़ा था और उसकी नाक से खून बह रहा था। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है।
जमीन बेचकर भेजा था विदेश, दो दिन पहले ही कहा था— 'कर्ज उतार दूंगा'
सुपनदीप के सिर से पिता का साया वर्ष 2018 में ही उठ गया था। घर की माली हालत सुधारने के लिए दो साल पहले उसके चाचाओं ने अपनी दो एकड़ कृषि भूमि बेचकर उसे विदेश भेजा था। वह पहले कनाडा गया, लेकिन वहां काम न मिलने के कारण डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा था।
मृतक की मां जसबीर कौर ने रोते हुए बताया कि महज दो दिन पहले ही सुपनदीप ने फोन कर दादा-दादी और परिवार को ढांढस बंधाया था कि वे चिंता न करें, वह जल्द ही मेहनत कर सारा कर्ज चुका देगा और बेची हुई जमीन भी वापस खरीद लेगा। लेकिन किसे पता था कि परिवार की उम्मीदों का यह दीपक इतनी जल्दी बुझ जाएगा। शोकाकुल परिवार ने केंद्र व हरियाणा सरकार से गुहार लगाई है कि उनके इकलौते बेटे के शव को भारत लाने में मदद की जाए ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।
#KarnalNews #NisingNews #YouthDeathInAmerica #HeartAttack #ShekhupuraVillage #TragicIncident #HaryanaYouth #BreakingNewsKarnal
Previous
पंचकूला: भैंस चोरी गिरोह का तीसरा आरोपी यूपी से गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी बरामद
Next